![]()
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में वनाधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत संचालित ‘अबुवा वीर दिशोम अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में लंबित व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वनाधिकार दावों के सत्यापन और त्वरित निष्पादन को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए लंबित सामुदायिक वनाधिकार दावों से संबंधित अभिलेखों और सत्यापन प्रतिवेदनों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों एवं वन प्रमंडल पदाधिकारियों को दावों में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर कर आवश्यक संशोधनों के साथ पुनः प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। 500 एकड़ से कम क्षेत्रफल वाले लंबित सामुदायिक वनाधिकार मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कागजात व सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि “अबुवा वीर दिशोम अभियान” का मुख्य उद्देश्य पात्र वनाश्रित परिवारों एवं ग्राम समुदायों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर व अन्य थे।
Source link