Last Updated:
चाईबासा के चक्रधरपुर रेल मंडल क्षेत्र में सामने ट्रेन पर पथराव की घटना का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो गया है. हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस के एसी कोच पर पथराव की घटना सामने आई है, जिसमें खिड़की का शीशा चटक गया. हालांकि इसमें किसी यात्री को कोई चोट नहीं लगी है.
दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव
चाईबासा: झारखंड के चाईबासा स्थित चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. एक बार फिर हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है. इस घटना में ट्रेन के एसी कोच की खिड़की का शीशा टूट गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
लोगों ने ट्रेन पर पथराव किया
जानकारी के अनुसार, हावड़ा से पुणे जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस राउरकेला स्टेशन से रवाना हुई थी. ट्रेन जैसे ही चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला-राजगांगपुर रेलखंड में पानपोष के पास पहुंची, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया. पत्थर सीधे एसी कोच ए-4 की खिड़की से टकराया. इससे सीट नंबर 41 और 42 के पास लगी खिड़की का शीशा चटक गया और उसके टुकड़े सीट पर गिर पड़े.
अफरा-तफरी का माहौल
घटना के समय कोच में बैठे यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि गनीमत रही कि शीशे के टुकड़े किसी यात्री को नहीं लगे और सभी सुरक्षित रहे. घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के टीटीई ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी. इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी. पथराव करने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल
रेलवे अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि चक्रधरपुर रेल मंडल में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, तपस्विनी एक्सप्रेस, एलेप्पी एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनों के एसी कोचों पर पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं. बार-बार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.
आसपास के इलाके में जांच
रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही हैं. आरपीएफ आसपास के इलाके में जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पथराव के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था. साथ ही, रेलवे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें