![]()
गुमला|राजकीय कृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलम में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन ग्राम पंचायत सिलम के मुखिया वीरेंद्र उरांव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से बंधनु उरांव को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा वर्षा देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। विद्यालय में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं के नामांकन को देखते हुए 25 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। आमसभा में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर समिति के गठन का समर्थन किया। सचिव एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमित कुमार नंद ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति की संरचना राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के अनुरूप निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य विद्यालय प्रबंधन में सामुदायिक भागीदारी को सशक्त बनाना, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ प्रत्येक छात्र-छात्रा तक पहुंचाना है। उन्होंने समिति के सदस्यों से विद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने, समय-समय पर विद्यालय का निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आह्वान किया।
Source link