![]()
सिटी एंकर बीएसएल का टाउनशिप बोकारो शहर करीब 8 हजार एकड़ में फैला है। लेकिन इसकी सुरक्षा के लिए मात्र 600 होमगार्ड जवान तैनात हैं। इनमें कुछ होमगार्ड जवानों का फुटपाथ दुकानों और अतिक्रमणकारियों से सांठगांठ की शिकायतें आती रही हैं। यही वजह है कि बोकारो में क्वार्टर, प्लॉट और जमीन पर लगातार अतिक्रमण बढ़ रहे हैं। पानी और बिजली की चोरी पर भी पूरी तरह अंकुश नहीं लग रहा है। इसको देखते हुए बीएसएल प्रबंधन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाई है। इसके लिए निजी सुरक्षा एजेंसी तैनात करने के लिए टेंडर जारी किया गया है। निजी एजेंसी तैनात होने के बाद त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में पहले निजी सुरक्षा गार्ड, फिर होमगार्ड व सीआईएसएफ की निगरानी होगी। बीएसएल का मानना है कि अतिक्रमण बढ़े नहीं और जो अतिक्रमण है, उसे कम किया जाए, इसलिए ऐसी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। अवैध कब्जा से पानी की समस्या बोकारो शहर में बीएसएल के दो हजार से ज्यादा क्वार्टरों पर अवैध कब्जा है। इसका असर यह हो रहा है इन अवैध कब्जाधारियों द्वारा मुफ्त बिजली-पानी का उपयोग किए जाने के कारण आम लोगों की बिजली-पानी में कटौती हो जाती है। कई सेक्टर के ऊपरी मंजिल तक सप्लाई पानी चढ़ नहीं पाता है। परिसंपत्ति सुरक्षा को हो रही पहल होमगार्ड पर डेढ़ करोड़ खर्च, नतीजा सिफर बीएसएल सूत्रों के अनुसार टाउनशिप की सुरक्षा के लिए करीब 600 होमगार्ड के जवान तैनात हैं, इन्हें प्रबंधन द्वारा करीब 1.50 करोड़ रुपए वेतन भुगतान किया जाता है। लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकलता। एक तरफ अतिक्रमण या अवैध कब्जा हटाया जाता है, वहीं दूसरी तरफ अतिक्रमण जारी रहता है। सेल के वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के अनुसार सेल की 55187 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा है। इनमें बीएसएल की लगभग एक हजार एकड़ जमीन पर अतिक्रमण है। इन जगहों पर अवैध झोपड़पट्टियां बसी हैं। इसका असर यह हो रहा है कि बोकारो शहर को मिलने वाली बिजली में लोड बढ़ रहा है और 5-6 घंटे प्रतिदिन बिजली कटौती हो रही है। बीएसएल को इससे प्रतिमाह लाखों रुपए का नुकसान भी हो रहा है। इसलिए बीएसएल ने निजी सुरक्षा एजेंसी तैनात करने का निर्णय लिया है। सभी सेक्टर के बगल में मौजूद है अवैध झोपड़पट्टी जानकार बताते हैं कि बोकारो शहर के लिए बीएसएल 50 एमवीए बिजली आपूर्ति करता है, लेकिन इसमें 10 एमवीए चोरी हो जाती है। सभी सेक्टर में अतिक्रमण कर झोपड़पट्टी बनाई गई है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र से सटे इलाकों में भी झोपड़ियां बनाकर लोग बिजली का उपयोग कर रहे हैं। यहां जब भी बीएसएल कार्रवाई करना चाहता है, तब लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता है। इनसे बचने के लिए प्रबंधन ने अंडरग्राउंड केबलिंग करना शुरू किया, लेकिन भी सफल नहीं हो पाया।
Source link