Last Updated:
शालिनी ने बताया कि उनके पास उपलब्ध ब्राइडल और डिजाइनर लहंगों की वास्तविक कीमत 10 हजार से लेकर 50 हजार तक है. ऐसे में कम किराए पर इन्हें पहनने की सुविधा उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है, जो एक बार इस्तेमाल होने वाले महंगे कपड़ों पर बड़ी रकम खर्च नहीं करना चाहते हैं.
कोडरमा: शादी-विवाह का सीजन शुरू होते ही हर कोई सबसे अलग और आकर्षक दिखना चाहता है. लोग अपने लिए एक से बढ़कर एक बेहतरीन कपड़े और ड्रेस खरीदते हैं. ये काफी महंगे होते हैं. इन कपड़ों को लोग दोबारा जल्दी पहनते भी नही हैं. ऐसे में कई बार लोग इन कपड़ों में पैसा नहीं फंसाना चाहते हैं. दूसरा कई बार ये कपड़े लोगों के बजट से भी बाहर होते हैं. ऐसे में कोडरमा के लोगों के लिए एक बेहतरीन और किफायती सुविधा शुरू हुई है. अब लोगों को एक दिन के लिए महंगे डिजाइनर ड्रेस में पैसा नहीं फंसाना होगा. लोग इन कपड़ों को खरीदने की जगह किराए पर ले सकते हैं. पटना से डिप्लोमा इन फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शालिनी शर्मा ने अपने ससुराल कोडरमा में इस काम की शुरुआत की है. बिजली ऑफिस के पास रेंटल स्टूडियो में महिलाओं, बच्चों और फोटोशूट के लिए अलग-अलग तरह की डिजाइनर ड्रेस उपलब्ध कराई जा रही हैं.
एक दिन के लिए महंगे कपड़े खरीदने से मिला छुटकारा
लोकल 18 से विशेष बातचीत में शालिनी शर्मा ने बताया कि बड़े शहरों में रेंटल फैशन का चलन तेजी से बढ़ रहा है. इसी सोच के साथ उन्होंने कोडरमा में भी यह सुविधा शुरू की है. ताकि लोग एक दिन के कार्यक्रम के लिए हजारों रुपये खर्च करने के बजाय कम कीमत में आकर्षक डिजाइनर ड्रेस पहन सकें. उन्होंने बताया कि यहां प्री-वेडिंग फोटोशूट गाउन और मैटरनिटी फोटोशूट ड्रेस 799 से उपलब्ध हैं. पार्टी वियर लहंगा 2200 प्रतिदिन तथा ब्राइडल लहंगा 3500 प्रतिदिन के किराए पर दिया जाता है. इसके अलावा शॉर्ट ड्रेस भी 799 में उपलब्ध है. बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस की शुरुआत मात्र 250 से होती है. जिससे स्कूल कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अभिभावकों को काफी राहत मिलती है.
फ्री साइज होते हैं ड्रेस, फिटिंग में नहीं होती है कोई दिक्कत
उन्होंने बताया कि यंहा सिर्फ कपड़े ही नहीं बल्कि पार्टी वियर एचडी नेकलेस सेट भी 1500 प्रतिदिन के किराए पर उपलब्ध कराया जा रहा है. मॉडलिंग फोटोशूट ड्रेस, बॉयज ड्रेस और किड्स कॉस्ट्यूम की भी व्यवस्था की गई है. इससे ग्राहकों को एक ही स्थान पर कई विकल्प मिल जाते हैं. उन्होंने बताया कि यहां उपलब्ध अधिकांश ड्रेस फ्री साइज हैं. इसलिए वे अलग-अलग बॉडी फिट पर आसानी से फिट हो जाते हैं. इससे ग्राहकों को सही साइज चुनने में परेशानी नहीं होती और वे अपनी पसंद का आउटफिट आसानी से पहन सकते हैं.
10 से 50 हजार तक के ड्रेस किराए पर पहनने की सुविधा
उन्होंने बताया कि रेंटल ड्रेस की हाइजीन को लेकर भी विशेष ध्यान रखा जाता है. हर बुकिंग के बाद ड्रेस वापस आने पर उसकी प्रोफेशनल वॉशिंग और सफाई कराई जाती है. इसके बाद ही उसे अगले ग्राहक के लिए तैयार किया जाता है ताकि साफ-सुथरे और सुरक्षित कपड़े उपलब्ध कराए जा सकें. उन्होंने बताया कि उनके पास उपलब्ध ब्राइडल और डिजाइनर लहंगों की वास्तविक कीमत 10 हजार से लेकर 50 हजार तक है. ऐसे में कम किराए पर इन्हें पहनने की सुविधा उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है, जो एक बार इस्तेमाल होने वाले महंगे कपड़ों पर बड़ी रकम खर्च नहीं करना चाहते हैं.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें