Last Updated:
सावन मेले पर रेलवे ने शिव भक्तों को बड़ी सौगात दी है. महादेवसाल स्टेशन पर 8 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है. यह सुविधा 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रहेगी. इससे झारखंड, बिहार और ओडिशा के श्रद्धालुओं को मदद मिलेगी. बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए यात्रा अब आसान होगी.
जमशेदपुर: सावन का महीना शुरू होते ही भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है. ऐसे में महादेवसाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. श्रावणी मेला के अवसर पर चक्रधरपुर मंडल के महादेवसाल रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 4 जोड़ी यानी कुल 8 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने की घोषणा की गई है. यह सुविधा 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी.
रेलवे के इस निर्णय से झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा. अब यात्रियों को महादेवसाल पहुंचने के लिए दूसरे स्टेशनों पर उतरकर अतिरिक्त यात्रा नहीं करनी पड़ेगी. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी.
4 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव
- रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस सुबह 9:47 बजे महादेवसाल पहुंचेगी और 9:48 बजे रवाना होगी. वहीं 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस दोपहर 3:17 बजे पहुंचेगी और 3:20 बजे रवाना होगी.
- इसके अलावा 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस सुबह 7:24 बजे पहुंचेगी और 7:26 बजे रवाना होगी, जबकि 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस दोपहर 3:45 बजे पहुंचेगी और 3:47 बजे प्रस्थान करेगी.
- टाटानगर और नागपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी. 18109 टाटानगर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस सुबह 8:56 बजे पहुंचेगी और 8:58 बजे रवाना होगी. वहीं 18110 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस शाम 5:23 बजे पहुंचेगी और 5:25 बजे प्रस्थान करेगी.
- बिलासपुर रूट के यात्रियों के लिए भी राहत है. 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस रात 9:05 बजे पहुंचेगी और 9:07 बजे रवाना होगी. वहीं 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रात 2:03 बजे पहुंचेगी और 2:05 बजे आगे के लिए रवाना होगी.
श्रावणी मेले के दौरान हजारों श्रद्धालु महादेवसाल मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. रेलवे द्वारा दी गई यह विशेष सुविधा श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाएगी. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा. रेलवे के इस कदम से श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर सकेंगे और उनकी धार्मिक यात्रा पहले से अधिक सुगम हो जाएगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.