![]()
रांची आईआईएम, रांची ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार एग्जीक्यूटिव एमबीए (ई-एमबीए) 2024-26 समर बैच के छात्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1.2 करोड़ रुपए का सर्वाधिक पैकेज हासिल किया। वहीं, एमबीए, एमबीए-ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (एचआरएम) और एमबीए-बिजनेस एनालिटिक्स (बीए) के छात्रों के बीच देशी कंपनियों में पिछले वर्ष की तुलना में सर्वाधिक डोमेस्टिक सीटीसी में 4.19% की वृद्धि हुई हैं। इस वर्ष, विभिन्न क्षेत्रों में विविध भूमिकाओं के लिए 96 कंपनियों ने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट ऑफर किया। फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट 2025-26 को आधिकारिक तौर पर 6 मई, 2026 को आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव व कॉरपोरेट रिलेशन के चेयरपर्सन प्रो. राजीव वर्मा के साथ संस्थान के अन्य प्राध्यापकों की उपस्थिति में जारी की गई। पिछले बैच की तुलना में एमबीए-बीए के छात्रों के बीच सर्वाधिक वार्षिक पैकेज में 22.16% की वृद्धि हुई है। एमबीए-बीए कोर्स में शामिल छात्रों को बैंकिंग, स्ट्रैटेजी एंड कंसल्टेंसी, आईटी एंड एनालिटिक्स, फाइनेंशियल सर्विसेस, इंश्योरेंस एंड फिनटेक जैसे क्षेत्रों ने प्लेसमेंट ऑफर दिया। कोर्स से जुड़े एक छात्र को सर्वाधिक 32.13 लाख रुपए का वार्षिक पैकेज मिला, जबकि, शीर्ष प्रदर्शन करने वाले 25% छात्रों ने औसतन 27.81 लाख रुपए का वार्षिक पैकेज हासिल किया। एमबीए-एचआरएम प्रोग्राम के छात्र जिन्होंने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लिया, उनमें से 40.54% छात्रों ने प्री-प्लेसमेंट ऑफर हासिल कर लिया था। प्री-प्लेसमेंट ऑफर के तहत औसत वार्षिक पैकेज 18.86 लाख रुपए रहा। एमबीए-एचआरएम कार्यक्रम के एक छात्र ने 22.75 लाख रुपए का सर्वाधिक वार्षिक पैकेज हासिल किया। कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 72.83% फ्रेशर्स और 42.93% छात्राएं शामिल हुईं। एमबीए के छात्रों को 60 कंपनियों ने प्लेसमेंट ऑफर दिया। एमबीए के एक छात्र ने सर्वाधिक वार्षिक पैकेज के रूप में 52.50 लाख रुपए का पैकेज हासिल किया।
Source link