भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सरकार ने दिए पौधे, महिलाओं ने बना लिया रोजगार…पहले देखती थी एक-एक...


होमताजा खबरकृषि

सरकार ने दिए पौधे, महिलाओं ने बना लिया रोजगार…अब रोज कर रहीं ताबड़तोड़ कमाई

Last Updated:

Deoghar Women Earning Well With Mango Farming: देवघर के रिखिया प्रखंड की महिलाएं अब आम की बागवानी से अपनी अलग पहचान बना रही हैं. कभी परिवार की आमदनी पर निर्भर रहने वाली ये महिलाएं आज आम बेचकर रोज 1000 से 1200 रुपये तक की कमाई कर रही हैं. यह काम सरकार की बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत शुरू हुआ था.

ख़बरें फटाफट

देवघर. जिन हाथों ने कभी सिर्फ घर संभाला, आज वही हाथ आम के बगीचों से लाखों उम्मीदें सींच रहे हैं. देवघर की ग्रामीण महिलाएं अब नौकरी नहीं, बल्कि खुद रोजगार पैदा कर रही हैं. पेड़ों पर लटकते आम इन महिलाओं की मेहनत, संघर्ष और आत्मनिर्भरता की नई कहानी कह रहे हैं. रिखिया प्रखंड की महिलाएं आज आम के बगीचों के सहारे अपनी अलग पहचान बना रही हैं. एक समय था, जब इन महिलाओं के पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं था और वे पूरी तरह परिवार की आमदनी पर निर्भर रहती थीं.

लेकिन आज यही महिलाएं अपने बगीचों में उगाए गए आम को बाजार तक पहुंचाकर अच्छी कमाई कर रही हैं. उनकी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया है कि अगर सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिले, तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोजगार के बड़े अवसर पैदा किए जा सकते हैं.

2018 में की गई थी बागवानी की शुरुआत
राज्य सरकार की बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत वर्ष 2018 में महिलाओं को आम की बागवानी के लिए प्रोत्साहित किया गया था. योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 112 आम के पौधे उपलब्ध कराए गए. शुरुआत में यह पहल महिलाओं के लिए एक नया अनुभव था. कई महिलाओं को बागवानी की तकनीकी जानकारी नहीं थी और उन्हें पौधों की देखभाल में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार अपने बगीचों की देखभाल करती रहीं. आज रिखिया प्रखंड में लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में करीब 50 महिलाएं आम की बागवानी से जुड़ी हुई हैं और इसका लाभ उठा रही हैं.

महिलाओं ने झेलीं कई चुनौतियां
गांव की महिला सीता देवी ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचीत करते हुए कहा कि शुरुआती वर्षों में महिलाओं के सामने कई चुनौतियां आईं. कहीं मिट्टी की गुणवत्ता अच्छी नहीं थी, तो कहीं पौधे सूख गए. मौसम की मार और तकनीकी जानकारी की कमी के कारण उत्पादन को लेकर भी चिंता बनी रहती थी.

लेकिन मनरेगा और जेएसएलपीएस के सहयोग से महिलाओं को समय-समय पर प्रशिक्षण और आवश्यक सहायता मिलती रही. महिलाओं ने धैर्य और मेहनत के साथ इन चुनौतियों का सामना किया. वर्षों की मेहनत का परिणाम अब उनके सामने है, जब बगीचों में लगे पेड़ फलों से लदे हुए हैं और अच्छी पैदावार दे रहे हैं.

महिलाएं सीधे बाजार में बेच रही हैं आम
रिखिया क्षेत्र के हिंदणा पूर्वी गांव की महिलाओं के लिए यह वर्ष खास महत्व रखता है. पहली बार उन्हें अपने बगीचे के आम बेचकर सीधे आय अर्जित करने का अवसर मिला है. पहले आम को स्थानीय व्यापारियों को बेचने की मजबूरी होती थी, जहां उचित मूल्य नहीं मिल पाता था. मेहनत के अनुसार लाभ नहीं मिलने से कई बार निराशा भी होती थी. लेकिन इस बार जिला प्रशासन ने महिलाओं की मदद के लिए विभिन्न प्रखंडों में बिक्री स्टॉल की व्यवस्था की है. इससे महिलाएं सीधे ग्राहकों तक अपने उत्पाद पहुंचा रही हैं और उन्हें बेहतर कीमत मिल रही है.

प्रतिदिन 1000 से 1200 की हो जा रही कमाई
रानी देवी ने बताया कि इन स्टॉलों के माध्यम से वे प्रतिदिन लगभग 1000 से 1200 रुपये तक की कमाई कर रही हैं. इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और घर की जरूरतों को पूरा करना आसान हो गया है. सबसे बड़ी बात यह है कि महिलाएं अब सिर्फ खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उत्पादन, प्रबंधन और विपणन की जिम्मेदारी भी खुद संभाल रही हैं. आम तोड़ने, उसकी छंटाई करने, बाजार तक पहुंचाने और बिक्री करने तक का पूरा कार्य महिलाएं स्वयं कर रही हैं.

ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के बेहतरीन उदाहरण
देवघर में आम की बागवानी से जुड़ी यह पहल ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरी है. इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ा है. आज ये महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होकर यह संदेश दे रही हैं कि मेहनत, धैर्य और सही सहयोग मिलने पर खेती भी सम्मानजनक आय का मजबूत साधन बन सकती है. आने वाले समय में यह मॉडल अन्य गांवों और जिलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top