भारत की राजधानी दिल्ली पर संकट मंडरा रहा है. दिवाली के बाद राजधानी सांसों का कब्रिस्तान बन चुकी है. हर तरफ धुआं ही धुआं उठा हुआ है. लोगों की आंखें जल रही हैं. दम घुट रहा है. इसकी वजह है दिल्ली का औसत एक्यूआई 366 पहुंच चुका है जो बेहद खराब स्थिति में है. ऐसे में लोग दिल्ली में ऐसी जगह तलाश रहे हैं, जहां थोड़ी साफ हवा मिल सके और वे कुछ दिन आराम से रह सकें.
लेकिन सीपीसीबी, दिल्ली सरकार के एक्यूआई पोर्टल और आईएमडी से जुड़े मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के विश्लेषण से साफ है कि दिल्ली में कोई भी इलाका पूरी तरह प्रदूषण-मुक्त नहीं है जहां की हवा शुद्ध हो और साफ हो. दिवाली के तुरंत बाद पूरे शहर का औसत एक्यूआई अक्सर ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ या ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है. दिल्ली में सबसे कम एक्यूआई भी खराब श्रेणी में है. ऐसे में किसी भी जगह को प्रदूषण के लिहाज से सुरक्षित नहीं कहा जा सकता है.
कई साल के औसत आंकड़ों से सामने आई तस्वीर
दिल्ली के सबसे साफ इलाकों की बात करें तो 3 साल के आंकड़ों में देखा जा सकता है कि करीब 38 स्टेशनों में सबसे साफ इलाके दक्षिण और मध्य दिल्ली के रहे हैं.
पहले बात करते हैं साल 2024 की. जब सर्दियों की शुरुआत में आईएचबीएएस दिलशाद गार्डन का औसत सबसे कम (करीब 167) रहा, इसके बाद लोधी रोड (लगभग 171), नजफगढ़ (181), श्री अरबिंदो मार्ग और आया नगर में प्रदूषण काफी कम रहा. जबकि उत्तर और पश्चिम दिल्ली (जहांगीरपुरी, आनंद विहार, मुंडका, रोहिणी, बवाना) सबसे प्रदूषित पाए गए. वहीं दक्षिण दिल्ली जोन का औसत उत्तरी दिल्ली से 30-40 अंक कम रहा.
वहीं हालिया रियल-टाइम आंकड़ों को देखें तो नवंबर 2026 में दिवाली के आसपास के सीपीसीबी और दिल्ली AQI पोर्टल के आंकड़ों में भी यही रुझान दिख रहा है. जब शहर का औसत 300-400 के पार चला गया है. तब भी मैदान गढ़ी/आईजीएनओयू मैदान गढ़ी, श्री अरबिंदो मार्ग, कैंटोनमेंट एरिया, टिकरी कलां, घुम्मनहेरा और लोधी रोड जैसे स्थान अपेक्षाकृत कम AQI दर्ज कर रहे हैं. आज सुबह 9 नवंबर के आंकड़े भी बताते हैं कि इन इलाकों में एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में है. जबकि उत्तर-पश्चिम के कई स्टेशन ‘गंभीर’ श्रेणी में चले गए हैं.
क्यों ये इलाके बेहतर हैं
जहां तक कम नुकसानदेह इलाकों की बात है तो दक्षिण दिल्ली (लोधी रोड, वसंत कुंज, साकेत, हौज खास, आया नगर, मैदान गढ़ी आसपास) में हरियाली ज्यादा है, ट्रैफिक घनत्व कुछ कम है और औद्योगिक उत्सर्जन अपेक्षाकृत कम है.यही वजह है कि यहां दिल्ली के बाकी इलाकों के मुकाबले प्रदूषण कम है. नजफगढ़ और कुछ बाहरी दक्षिण-पश्चिमी हिस्से भी कभी-कभी बेहतर आते हैं. मध्य दिल्ली के कुछ हिस्से (लोधी रोड आसपास) भी औसत से अच्छे रहते हैं.
सावधानी जरूरी
ये ध्यान रखने वाली बात है कि ये इलाके ‘सुरक्षित’ नहीं बल्कि ‘कम खराब’ हैं. सर्दियों में हवा की गति कम होने और पंजाब-हरियाणा से आने वाले धुएं के कारण पूरा शहर प्रभावित होता है. इसलिए किसी भी इलाके में रहने का फैसला करते समय AQI ऐप (सीपीसीबी समीर या दिल्ली सरकार का पोर्टल) रोज चेक करें, घर में एयर प्यूरीफायर रखें और बाहर मास्क पहनें. लंबी अवधि में दक्षिण और मध्य दिल्ली के हरियाली वाले हिस्से अपेक्षाकृत बेहतर विकल्प हो सकते हैं.