Last Updated:
CA Exam Preparation Tips: बोकारो के पीयूष राज गुप्ता ने सीए फाइनल परीक्षा 2026 में तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की है. अब उन्होंने सीए की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए कुछ जरूरी टिप्स साझा किए हैं. उनका कहना है कि सही रणनीति, नियमित पढ़ाई और RTP-MTP की प्रैक्टिस सफलता की कुंजी बन सकती है.
बोकारो. बोकारो जिले के को-ऑपरेटिव कॉलोनी के पीयूष राज गुप्ता ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) फाइनल परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है. ऐसे में उन्होंने सीए फाइनल की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के साथ कुछ खास परीक्षा टिप्स साझा किए हैं.
पीयूष ने बताया कि सीए की परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. इसलिए इसकी तैयारी के दौरान सही रणनीति और लगातार मेहनत बेहद जरूरी है. विद्यार्थियों को सबसे पहले सीए के पूरे सिलेबस को अच्छी तरह समझना चाहिए. अगर सही प्लानिंग के साथ सिलेबस को गहराई से पढ़ा जाए, तो सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है.
स्टडी मैटीरियल के साथ ये भी जरूरी
पीयूष ने आगे बताया कि स्टडी मटेरियल के साथ-साथ आरटीपी (RTPs) यानी रिवीजन टेस्ट पेपर्स और एमटीपी (MTPs) यानी मॉक टेस्ट पेपर्स को अच्छी तरह हल करना चाहिए. RTP और MTP सीए परीक्षा की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. RTP, आईसीएआई (ICAI) द्वारा परीक्षा से पहले जारी की जाने वाली अभ्यास सामग्री होती है, जिसमें नए अपडेटेड प्रश्न और उनके समाधान दिए जाते हैं. इससे छात्रों को सिलेबस दोहराने और परीक्षा के स्तर को समझने में मदद मिलती है.
वहीं MTP यानी मॉक टेस्ट पेपर्स बिल्कुल वास्तविक परीक्षा की तरह तैयार किए जाते हैं. इन्हें हल करने से विद्यार्थियों को परीक्षा जैसा माहौल मिलता है और वे निर्धारित 3 घंटे के भीतर पूरा प्रश्नपत्र हल करने का अभ्यास कर पाते हैं. इससे टाइम मैनेजमेंट बेहतर होता है और परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास भी बढ़ता है.
प्रेशर हैंडल करना सीखें
इसके अलावा, हर साल कई विद्यार्थियों के लिए कई अटेंप्ट के कारण मानसिक दबाव भी बड़ी चुनौती बन जाता है, क्योंकि उन्हें दोबारा पूरे सिलेबस और कॉन्सेप्ट्स को पढ़ना पड़ता है. ऐसे में अगर विद्यार्थी धैर्य बनाए रखते हुए नियमित पढ़ाई करें, तो इस दबाव से बाहर निकलना संभव है.
उन्होंने बताया कि सीए की तैयारी के दौरान पांचों मॉड्यूल के महत्वपूर्ण प्रश्नों को अच्छी तरह हल करना और उनका नियमित रिवीजन करना बेहद जरूरी है. इसके साथ टाइम मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि परीक्षा के दौरान सवालों को तय समय में हल किया जा सके.
ऐसे करें तैयारी, मिलेगी सफलता
पीयूष ने कहा कि परीक्षा से कुछ दिन पहले अपने हाथ से लिखे नोट्स को दोबारा पढ़ना और प्रश्नों को हल करना चाहिए. इससे लिखने की प्रैक्टिस बनी रहती है और परीक्षा के समय उत्तर बेहतर तरीके से लिखे जा सकते हैं. साथ ही बैलेंस शीट और प्रैक्टिकल सवालों की लगातार प्रैक्टिस भी जरूरी है. पीयूष राज गुप्ता ने बताया कि अगर विद्यार्थी रोजाना अनुशासित तरीके से 10 से 12 घंटे पढ़ाई करें और कॉन्सेप्ट आधारित तैयारी करें, तो पहले प्रयास में भी सफलता हासिल की जा सकती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें