पाटन थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर घर में घुसकर सोने की चेन व मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने करीब नौ माह बाद आरोपी अंकित सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पिछले साल 23 नवंबर को खड़ुई निवासी धीरेंद्र प्रसाद ने पाटन थाना में मामला दर्ज कराया था। इसमें कहा था कि तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर घर में घुसकर सोने की चेन व मोबाइल लूट लिए। घटना के दौरान परिजनों व ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ा था। उसकी पहचान सुनील यादव के रूप में हुई थी। उसके पास से दो कट्टा बरामद किए गए थे। दो अन्य आरोपी फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान करते हुए अंकित सिंह को चिह्नित किया। उसे रांची से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी व अनुसंधान जारी है। थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि लूटकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। तकनीकी व अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर अंकित को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम में पाटन थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
Source link