कभी-कभी छोटी सी गलती भी जेब पर ऐसा भारी पड़ जाती है कि इंसान को लंबे समय तक याद रहती है. हैदराबाद के एक लग्जरी आईवियर स्टोर में पहुंचे एक ग्राहक के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. ग्राहक का दावा है कि स्टोर में वर्साचे (Versace) का करीब 25 हजार रुपये का चश्मा ट्राई करते समय उसके हाथ से फिसलकर नीचे गिर गया. उसका दावा है कि इसके बाद स्टोर कर्मचारियों ने उससे चश्मे के नुकसान की भरपाई करने को कहा. मुश्किल यह थी कि उस वक्त ग्राहक के बैंक खाते में महज 144 रुपये थे. आखिरकार उसे दोस्त से 12 हजार रुपये उधार लेकर पेमेंट करना पड़ा.
शख्स ने यह पूरा वाकया Reddit पर शेयर किया है. पोस्ट के मुताबिक, वह हैदराबाद के AMB Mall स्थित एक लग्जरी आईवियर स्टोर में चश्मा देखने गया था. इसी दौरान वह Versace का एक चश्मा ट्राई कर रहा था, तभी वह उसके हाथ से छूटकर नीचे गिर गया. ग्राहक के मुताबिक, स्टोर के एक कर्मचारी ने उसे बताया कि अब उसे चश्मे की कीमत यानी 25 हजार रुपये चुकाने होंगे.
खाते में थे 144 रुपये, दोस्त से लेने पड़े 12 हजार
Reddit यूजर ने बताया कि उस समय उसके बैंक खाते में केवल 144 रुपये थे. स्टोर कर्मचारियों से बातचीत के बाद उसने कथित तौर पर पूरे चश्मे के बजाय सिर्फ उसके लेंस की कीमत चुकाने पर सहमति जताई. हालांकि, इसके लिए भी उसे पैसों का इंतजाम करना पड़ा. आखिरकार उसने एक दोस्त से संपर्क किया और 12 हजार रुपये उधार लेकर भुगतान किया.
ग्राहक ने अपनी पोस्ट में स्टोर कर्मचारी की स्थिति को भी समझने की बात कही. उसने लिखा कि वह जानता है कि कर्मचारी की जगह होना और ऐसी स्थिति से निपटना कितना मुश्किल हो सकता है. लेकिन इस अनुभव से वह इतना निराश हुआ कि पोस्ट के आखिर में उसने लिखा, ‘अब मुझे Versace से नफरत है, ठीक है, बाय!’
स्टोर मैनेजर के खिलाफ की शिकायत
हालांकि, मामला पैसे चुकाने के बाद भी खत्म नहीं हुआ. Reddit यूजर ने अपनी पोस्ट के अपडेट में बताया कि उसने कंपनी और स्टोर मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उसने आरोप लगाया कि 25000 चुकाने के बावजूद स्टोर ने उसे कोई इनवॉइस नहीं दिया और न ही लिखित रूप में यह जानकारी दी कि उससे किस आधार पर पैसे लिए जा रहे हैं. उसके मुताबिक, उसने मैनेजर का नाम नोट कर लिया है और शिकायत में उसका जिक्र भी करेगा.
रेडिट पर छिड़ी बहस
यह पोस्ट सामने आने के बाद Reddit पर यूजर्स के बीच बहस शुरू हो गई. कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या स्टोर को इस तरह ग्राहक से नुकसान की भरपाई मांगनी चाहिए थी? कुछ यूजर्स ने सलाह दी कि भुगतान करने से पहले स्टोर की पॉलिसी और इंश्योरेंस के बारे में जानकारी लेनी चाहिए थी.
एक यूजर ने दावा किया कि Versace के आईवियर का संबंध Luxottica से है और कंपनी की ओर से ऐसी परिस्थितियों में वारंटी या क्लेम की सुविधा हो सकती है. उसने अपने Prada चश्मे का उदाहरण देते हुए लिखा कि उसके मामले में स्टोर ने वारंटी के तहत क्लेम किया था.
इस पर उस शख्स ने जवाब दिया कि स्टोर ने उसे बिल या किसी तरह का लिखित रिकॉर्ड देने से इनकार कर दिया था. वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि दुकानों के पास आमतौर पर ऐसे नुकसान से निपटने के लिए इंश्योरेंस होता है और ग्राहक को भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए थी.
कुछ लोगों ने ग्राहक को सलाह दी कि वह किसी वकील या परिवार के वरिष्ठ सदस्य को साथ लेकर स्टोर से बात करे और इंश्योरेंस के जरिए नुकसान की भरपाई करने का विकल्प उठाए. वहीं, कई यूजर्स ने माना कि अचानक ऐसी स्थिति में पड़ने पर कोई भी घबरा सकता है और जल्द से जल्द वहां से निकलने के लिए पैसे देने को तैयार हो सकता है.