भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

10-15 लाख लगाकर करें इलेक्ट्रिक बाइक-स्कूटी का बिजनेस, बढ़ रही है डिमांड,...


Last Updated:

आज की तारीख में सरकारी नौकरियों का हाल देखते हुए बहुत से लोगों ने या तो नौकरी की उम्मीद छोड़ दी है या लोग नौकरी की उम्र पार कर चुके हैं. ऐसे में लोग अपना खुद का कुछ काम धंधा करने के बारे में सोचते हैं. अब बड़ी दिक्कत यह आती है कि अभी तक तो पूरा सोच और समय नौकरी में खर्च किया. ऐसे में लोगों को बिजनेस का बहुत आइडिया नहीं होता है. बिजनेस करना बहुत आसान भी नहीं होता. तो आप भी अपना खुद का कुछ रोजगार करना चाहते हैं तो आप इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक का काम शुरू कर सकते हैं.

देवघर: अगर आप भी अपना कोई बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं और समझ नहीं आ रहा कि किस कारोबार में हाथ आजमाया जाए तो इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक का बिजनेस आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. पिछले कुछ समय से बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है. खासकर इलेक्ट्रिक स्कूटी लोगों की पसंद बनती जा रही है. पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और कम खर्च में सफर करने की चाहत के कारण लोग अब इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ रुख कर रहे हैं. त्योहारों के मौसम में भी इन गाड़ियों की अच्छी मांग देखने को मिल रही है. धनतेरस जैसे खास मौके पर दोपहिया वाहनों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के बीच इलेक्ट्रिक स्कूटी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. ऐसे में अगर आप भी कम जगह और एक व्यवस्थित निवेश के साथ अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं, तो इलेक्ट्रिक गाड़ियों की डीलरशिप लेकर अच्छा बिजनेस खड़ा कर सकते हैं.

क्या कहते हैं दुकानदार
इसकी एक मिसाल देवघर जिले के मधुपुर शहर में देखने को मिल रही है. यहां खान इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर शफाक पिछले 35 वर्षों से बैटरी का कारोबार कर रहे हैं. बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता और मांग को देखते हुए उन्होंने भी अपने पुराने कारोबार के साथ एक नया प्रयोग करने का फैसला किया. उन्होंने सोचा कि जब इलेक्ट्रिक गाड़ियों में बैटरी की अहम भूमिका है और लोग तेजी से इन वाहनों को खरीद रहे हैं तो क्यों न इस कारोबार में भी अपनी किस्मत आजमाई जाए. इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक की बिक्री शुरू कर दी. शफाक बताते हैं कि इसके लिए उन्होंने करीब 10 से 15 लाख रुपये का निवेश किया और अलग-अलग कंपनियों से संपर्क कर गाड़ियों की डीलरशिप ली. इसके लिए उन्होंने कोलकाता, जामताड़ा और आसनसोल जैसे शहरों की कंपनियों से संपर्क किया और वहां से गाड़ियां मंगाकर मधुपुर में बिक्री शुरू की.

कम बजट से लेकर ज्यादा बजट तक रखनी होगी गाड़ियां
शफाक के मुताबिक, इलेक्ट्रिक गाड़ियों का कारोबार शुरू करने के लिए सबसे पहले आपको अच्छी कंपनी और उसके प्रोडक्ट की जानकारी जुटानी होगी. इसके बाद कंपनी से डीलरशिप लेकर गाड़ियों की खरीदारी करनी होती है. उनके अनुसार, इस कारोबार में शुरुआत करने के लिए कम से कम 24 गाड़ियों का स्टॉक रखना पड़ सकता है. हालांकि, निवेश और गाड़ियों की संख्या कंपनी की शर्तों, मॉडल और डीलरशिप के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. इस बिजनेस की खास बात यह है कि इसमें ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग मॉडल और कीमत वाली स्कूटी रखी जा सकती हैं. इससे कम बजट से लेकर ज्यादा बजट तक के ग्राहक आपके शोरूम तक पहुंच सकते हैं.

दो से तीन गुणा हो जायेगी कमाई
कमाई की बात करें तो शफाक बताते हैं कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग बढ़ने के कारण बिक्री के अच्छे अवसर मिल रहे हैं. इस कारोबार में गाड़ियों की खरीद और बिक्री के बीच मिलने वाला मार्जिन कमाई का मुख्य जरिया है. इसके अलावा बैटरी और अन्य जरूरी सामान की जानकारी होने से ग्राहकों को बेहतर सर्विस भी दी जा सकती है. निश्चित तौर पर लागत से दो से तीन गुणा मुनाफा हो जाएगा.

शुरू करना चाहते है कारोबार तो इलेक्ट्रिक स्कूटर अच्छा विकल्प
ऐसे में अगर आप भी नौकरी के अलावा अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं, तो इलेक्ट्रिक स्कूटी की डीलरशिप एक विकल्प बन सकती है. लेकिन इसमें निवेश करने से पहले बाजार की मांग, कंपनी की विश्वसनीयता, बैटरी की वारंटी, सर्विस सेंटर, स्पेयर पार्ट्स और ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी जरूर लें. क्योंकि सिर्फ गाड़ी बेचने से कारोबार लंबे समय तक नहीं चलता, बल्कि बिक्री के बाद अच्छी सर्विस देना भी बेहद जरूरी है. मधुपुर के शफाक की तरह पुराने कारोबार के अनुभव को नए बाजार की मांग से जोड़कर आप भी इलेक्ट्रिक वाहन के क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं.

About the Author

Rajneesh Singh

जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top