भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

105 साल पुरानी टेलर शॉप, ₹1 में सिलती थी पैंट…तीसरी पीढ़ी संभाल...


Last Updated:

Jamshedpur 105 Year Old Tailor Shop: जमशेदपुर में एक ऐसी टेलर शॉप है जो करीब 105 साल पुरानी है. इसे अब परिवार की तीसरी पीढ़ी चला रही है. इनकी फिनिशिंग ऐसी होती है कि रेडीमेड के दौर में भी इस दुकान के ग्राहक नहीं टूटते. जैसे आज इनकी तीसरी पीढ़ी दुकान चला रही है, वैसे ही कई परिवारों की तीसरी पीढ़ी इनके यहां कपड़े सिलवा रही है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. जमशेदपुर देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल है, जहां आधुनिकता के बीच आज भी पुरानी विरासत और परंपराएं जीवित हैं. शहर की ऐसी ही एक ऐतिहासिक पहचान है बिष्टुपुर स्थित एच.के. भौमिक टेलर्स, जो पिछले 105 वर्षों से लोगों के भरोसे और बेहतरीन कारीगरी का प्रतीक बनी हुई है. रेडीमेड कपड़ों के इस दौर में भी यह दुकान अपनी गुणवत्ता और फिटिंग के दम पर ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई है.

शहर के इतिहास से जुड़ा, दुकान का इतिहास
दुकान का इतिहास शहर के इतिहास से भी जुड़ा हुआ है. वर्तमान संचालक बनवीर भौमिक बताते हैं कि उनके दादा एच.के. भौमिक ने वर्ष 1921 में इस टेलरिंग व्यवसाय की शुरुआत की थी. उस समय जमशेदपुर एक नए औद्योगिक शहर के रूप में विकसित हो रहा था. इसके बाद उनके पिता सुशील कुमार भौमिक ने इस विरासत को आगे बढ़ाया और अब तीसरी पीढ़ी के रूप में बनवीर भौमिक इस जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं.

1 रुपये में होती थी सिलाई
बनवीर बताते हैं कि दुकान के पुराने रजिस्टर और बिल आज भी उनकी विरासत की कहानी कहते हैं. एक समय ऐसा था, जब यहां पैंट की सिलाई मात्र 1 रुपये 65 पैसे में हुआ करती थी, जबकि सूट सिलने का शुल्क करीब 54 रुपये था. समय के साथ महंगाई बढ़ी और आज एक सूट सिलवाने की कीमत लगभग 4600 रुपये तथा पैंट की सिलाई करीब 800 रुपये तक पहुंच गई है. हालांकि, गुणवत्ता और फिटिंग के मामले में दुकान ने कभी समझौता नहीं किया.

फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया
दिलचस्प बात यह है कि बनवीर भौमिक ने मुंबई से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है. उन्होंने वहां करीब तीन वर्षों तक काम भी किया, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि अपने शहर लौटकर पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. इसी सोच के साथ वे जमशेदपुर लौटे और आज पूरी लगन के साथ इस ऐतिहासिक दुकान का संचालन कर रहे हैं.

तीन से चार पीढ़ियां यहीं सिलाती हैं कपड़े
एच.के. भौमिक टेलर्स की पहचान सिर्फ पुराने होने से नहीं है, बल्कि यहां की बारीक कारीगरी और ग्राहकों के साथ बने भरोसे से है. बनवीर बताते हैं कि उनके ग्राहक केवल आम लोग ही नहीं, बल्कि बड़े उद्योगपति, टाटा समूह से जुड़े अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कई प्रतिष्ठित परिवार भी हैं. कई परिवार ऐसे हैं, जिनकी तीन से चार पीढ़ियां इसी दुकान से कपड़े सिलवाती आ रही हैं.

बेहतरीन फिनिशिंग से बनी पहचान
बेहतरीन फिनिशिंग के लिए यहां उच्च गुणवत्ता वाले धागे, कैंची और अन्य सामग्री का उपयोग किया जाता है. यही कारण है कि रेडीमेड कपड़ों के बढ़ते चलन के बावजूद एच.के. भौमिक टेलर्स आज भी अपनी अलग पहचान बनाए हुए है. यह दुकान केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि जमशेदपुर की विरासत, विश्वास और पारंपरिक कारीगरी की जीवंत मिसाल है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top