![]()
भास्कर न्यूज |गिरिडीह सदर प्रखंड के लेदा गांव में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं गुरु पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन गायत्री देवी के आवास पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यज्ञ में आहुति अर्पित की और विश्व कल्याण की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे सामूहिक गुरु वंदना के साथ हुआ। बेंगाबाद प्रखंड से पहुंचीं वृंदा देवी तथा गांडेय प्रखंड की जगरानी देवी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु पूजन कर अनुष्ठान की शुरुआत की। महायज्ञ का संचालन मुख्य संयोजक राजेश कुमार राम ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार कराया। एक कुंडीय महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद शाम 5 बजे से 108 वेदीय गायत्री दीप महायज्ञ का आयोजन किया। मुख्य अतिथि पूनम वर्णवाल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में युग निर्माण योजना, संस्कार संवर्धन तथा दीपयज्ञ के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
Source link