![]()
.
नल-जल योजना के तहत सरकार हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने की कोशिश कर रही है। लेकिन, लोहरदगा में कई व्यापक गड़बड़ियां की गई हैं। लोहरदगा के भंडरा प्रखंड में नौ वर्ष पहले बनाया गया जलमीनार का लाभ आज तक उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों को पेयजलापूर्ति हो सके, इसके लिए अलग-अलग प्रखंडों में जलमीनार-इंटक वेल बनवाए गए। लेकिन, वर्षों बाद भी ग्रामीणों को एक बूंद पानी नहीं मिला। शुद्ध पेयजल की उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। इस प्रखंड में ग्रामीणों की प्यास बुझाने के बजाय जलमीनार खुद प्यासे खड़े हैं। इंटेक वेल सूखे पड़े हैं। जलमीनार कहीं ट्रायल से पहले, तो कहीं ट्रायल के बाद बेकार हो गया। करोड़ों रुपए पानी में बहा दिए गए। नतीजा यह है कि निर्माण के बाद भी ग्रामीणों को पेयजल के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसी योजनाओं से ग्रामीणों को नहीं, ठेकेदार और कुछ अधिकारी-कर्मचारियों को जरूर लाभ हुआ है। अधिकारियों से पूछने पर तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर सबने टाल दिया। मामले पर पहले विभाग के अधिकारी ने कहा था कि ऐसी योजनाएं तब अलग-अलग स्कीम के तहत तैयार कराई गई थीं। परंतु सोसाइटी की देखरेख के अभाव और ग्रामीणों में जागरूकता कम होने के कारण धीरे-धीरे योजनाएं बंद होती चली गईं। अभी तुरंत ऐसी योजनाओं को शुरू कराने में अच्छी-खासी राशि का निवेश होगा। यह बिना किसी स्कीम के शुरू करा पाना मुश्किल है। योजना शुरू कराने को लेकर उदरंगी के मुखिया परमेश्वर माइली ने भी काफी मशक्कत की है।
सांसद, विधायक से लेकर अधिकारियों तक को आवेदन दिए जा चुके हैं। नतीजा अब तक कुछ भी सामने नहीं आ सका है। भंडरा प्रखंड में शुद्ध जल के लिए 12 करोड़ रुपए से 2016 में कोयल जलापूर्ति योजना शुरू की गई। 8 साल बीत गए। ग्रामीणों को एक बूंद पानी नहीं मिला। योजना के नाम पर राशि की हेराफेरी की गई है। योजना से भंडरा, उदरंगी व सेन्हा प्रखंड के कई गांवों को पानी देना था। उक्त जलमीनार से लगभग 2000 घरों को कनेक्शन है। परंतु अब तक उन्हें एक भी दिन पेयजल आपूर्ति नहीं की गई है। बरही निवासी मनोज साहू, भंडरा निवासी विजय साहू, उदरंगी निवासी अख्तर अंसारी ने बताया कि बरसात के बाद अब ठंड के मौसम में भी, जलस्तर ठीक रहने के बावजूद, भंडरा प्रखंड के लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कारण यह है कि वर्षों पहले बने जलमीनार का लाभ अब तक ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। लोगों ने कहा कि उक्त योजना को शुरू कराने के लिए कई जगहों पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके, इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की गई। ठंड में पेयजल के लिए भटकना और भी बड़ी समस्या है।