![]()
खेल और खिलाड़ियों को प्रमोट करने तथा उनमें उत्साह का संचार करने के उद्देश्य से हजारीबाग में पहली बार अद्भुत रोमांच से भरे उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय नॉक आउट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।
.
उपायुक्त हेमंत सती की अगुवाई में 29, 30 और 31 अगस्त तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, चतरा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन द्वारा बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। इस प्रथम आयोजन में आर्चरी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल और एथलेटिक्स छह खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में 1288 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का प्रमुख आकर्षण साढ़े आठ लाख रुपये का नगद पुरस्कार है। इसके अलावा मेडल, शील्ड और प्रमाणपत्र देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया जाएगा। कर्जन ग्राउंड का नाम स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह स्टेडियम रखने की पहल की गई है। 25 अगस्त को ओलंपिक मशाल और बैंड के साथ प्रभातफेरी निकाली जाएगी। 29 अगस्त को भव्य उद्घाटन होगा, जिसमें कस्तूरबा की बच्चियों की प्रतिभा नजर आएगी। हर्ष अजमेरा ने बताया कि आयोजन में चेयरमैन डीसी हेमंत सती, उपाध्यक्ष मेयर, सचिव हर्ष अजमेरा, टेक्निकल सचिव जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम, खबरों के लिए नीलेंदु जयपुरियार और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए प्रहलाद सिंह को अधिकृत किया गया है।