![]()
लातेहार जिले की बालूमाथ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 लाख रुपए मूल्य का 146 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान राहुल भुइंसल (22), कालामुद्दीन उर्फ सोनू (22) और संतोष बेहरा (33) के रूप में हुई है। ये तीनों ओडिशा राज्य के झारसुगुड़ा जिले के बनहरपाली थाना क्षेत्र के बंदबहाल गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से एक होंडा सिटी कार, एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, चंदवा की ओर से एक सफेद होंडा सिटी कार में गांजा तस्करी कर बालूमाथ के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। इस सूचना के आधार पर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बालूमाथ के नेतृत्व में मुरकियाटोंग पुलिस पिकेट के पास एक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान, संदिग्ध सफेद होंडा सिटी कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से छह प्लास्टिक बोरियों में रखा 146 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारसुगुड़ा के आसपास से गांजा लाकर बिहार पहुंचाते थे। वे पिछले कई वर्षों से इस तस्करी में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।
Source link