Last Updated:
दिल्ली-रांची इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई. रनवे पर पहुंचकर विमान वापस लौट आया. खराबी के कारण विमान का एसी बंद हो गया. केबिन में बंद 170 यात्री भीषण गर्मी से बेहाल हो गए. यात्रियों के हंगामे के बाद उन्हें टर्मिनल भेजा गया. विमान करीब चार घंटे देरी से रांची पहुंचा.
फ्लाइट में 2 घंटे एसी बंद रहने से यात्री परेशान रहे
संजय सिन्हा/रांचीः दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को उस समय एक बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई. विमान संख्या 6E 2614 रनवे तक पहुंच चुका था, लेकिन ऐन वक्त पर आई इस खराबी के कारण पायलट को विमान को वापस मोड़ना पड़ा.
बिना एसी के केबिन बना भट्टी रनवे से लौटने के बाद तकनीकी खराबी की वजह से विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया. बेहद चिंताजनक बात यह रही कि विमान के अंदर बैठे 170 यात्रियों को बाहर निकालने के बजाय केबिन का दरवाजा करीब 2 घंटे तक बंद रखा गया. दिल्ली की भीषण गर्मी और उमस के बीच एसी बंद होने से विमान के अंदर का तापमान तेजी से बढ़ गया और केबिन किसी भट्टी की तरह तपने लगा. ताजी हवा न मिलने के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सांस लेने के लिए तड़पने लगे और यात्रियों की हालत बेहाल हो गई.
फ्लाइट से वापस टर्मिनल भेजे गए यात्री
यात्रियों का फूटा गुस्सा दमघोंटू माहौल में फंसे यात्रियों ने जब विमान के क्रू मेंबर्स से स्थिति स्पष्ट करने को कहा, तो एयरलाइंस प्रबंधन की ओर से कोई ठोस या संतोषजनक जवाब नहीं मिला. प्रबंधन की इस घोर लापरवाही और टालमटोल वाले रवैये को देख यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया. आक्रोशित यात्रियों ने विमान के अंदर ही जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. विवाद बढ़ता देख और यात्रियों की तबीयत बिगड़ने के डर से आखिरकार प्रबंधन ने केबिन का दरवाजा खोला और सभी 170 यात्रियों को वापस एयरपोर्ट टर्मिनल पर भेजा.
करीब 4 घंटे की देरी से पहुंची फ्लाइट टर्मिनल पर भेजे जाने के बाद तकनीकी टीम ने विमान की खराबी को दूर करने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद जब तकनीकी खराबी को पूरी तरह ठीक कर लिया गया, तब कहीं जाकर यात्रियों को दोबारा विमान में बिठाया गया. इस पूरे घटनाक्रम के कारण फ्लाइट ने दिल्ली से काफी देरी से उड़ान भरी. आखिरकार, यह विमान अपने निर्धारित समय शाम 4.35 बजे के बजाय करीब 4 घंटे की देरी से रात 8.05 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड कर सका. इस लेटी-लतीफी और लापरवाही के कारण यात्रियों को भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.