नई दिल्ली. देश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दबदबा लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है. मौजूदा आंकड़े बताते हैं कि देश के अधिकांश हिस्सों में बीजेपी या उसके नेतृत्व वाले एनडीए की सरकारें हैं, जबकि विपक्ष खासकर कांग्रेस का प्रभाव सीमित होता जा रहा है.
उत्तर भारत में बीजेपी का वर्चस्व साफ दिखता है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली में पार्टी की सरकार है, जबकि हिमाचल प्रदेश में वह सत्ता में वापसी की कोशिश में है. पंजाब में एनडीए को मजबूत करने की रणनीति जारी है और जम्मू-कश्मीर में बीजेपी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है.
पश्चिम भारत में भी बीजेपी का मजबूत किला कायम है. महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और गोवा में पार्टी की सरकारें हैं, जिससे इस क्षेत्र में उसका राजनीतिक प्रभाव बेहद मजबूत बना हुआ है.
पूर्वी भारत में भी पार्टी का विस्तार जारी है. ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल में बीजेपी या उसके सहयोगियों की सरकार है, जबकि झारखंड में पार्टी तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और भविष्य में सत्ता हासिल करने की संभावना जताई जा रही है.
मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्यों में बीजेपी की सरकार है, जो इस क्षेत्र में पार्टी की मजबूत पकड़ को दर्शाता है.
नॉर्थ-ईस्ट में बीजेपी और एनडीए का प्रदर्शन उल्लेखनीय है. असम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी की सरकार है, जबकि सिक्किम में एनडीए की सरकार है. मिजोरम में हालांकि पार्टी विपक्ष में है.
देश के 6 में से 5 हिस्से में बीजेपी का परचम:
उत्तर भारत में 4 CM – उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली में बीजेपी सरकार.
पश्चिम भारत में 4 CM – महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, गोवा.
पूर्व भारत में 3 CM – ओडिशा, बिहार, बंगाल में सरकार.
मध्य भारत में 2 CM – मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार.
नॉथ ईस्ट में 5 CM – असम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी की सरकार.
दक्षिण भारत में बीजेपी का कोई सीएम नहीं
दक्षिण भारत में बीजेपी की स्थिति अभी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. फिलहाल पार्टी की अपनी कोई सरकार नहीं है, लेकिन आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में एनडीए की सरकार है. कर्नाटक और तेलंगाना में पार्टी मजबूत स्थिति में है और भविष्य में सत्ता में आने की उम्मीद जता रही है. तमिलनाडु और केरल में भी पार्टी अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी है.
बीजेपी का बढ़ता वर्चस्व
देश के कुल 30 विधानसभा क्षेत्रों (28 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश) में बीजेपी के पास 18 मुख्यमंत्री हैं, जबकि एनडीए के 3 मुख्यमंत्री हैं. दूसरी ओर, विपक्ष के पास करीब 9 राज्यों (तमिलनाडु को लेकर) में सरकार है. कांग्रेस की स्थिति खासतौर पर कमजोर होती दिख रही है. उसके पास सिर्फ 4 राज्यों में सरकार है, जिनमें से 3 दक्षिण भारत में और 1 उत्तर भारत (हिमाचल प्रदेश) में है.