![]()
अशोकनगर स्थित कारोबारी और समाजसेवी अखिलेश पांडेय के घर हुई हाईप्रोफाइल चोरी का पांचवें दिन भी खुलासा नहीं हो सका। जांच तेज करने के लिए पुलिस ने तीन एसआईटी का गठन किया है। सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में तीनों टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। पर पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। जांच में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि सुराग बिरसा चौक स्थित पार्क रिट्रीट होटल तक का ही मिल सका है। इसके आगे पुलिस के हाथ खाली हैं। मामले में पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से बच रही है। अधिकारियों का सिर्फ इतना कहना है कि कार्रवाई जारी है और जल्द खुलासा होगा। उधर, अखिलेश पांडेय और उनका पूरा परिवार भी पुलिस की जांच पर नजर लगाए हुए है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द चोरी का पर्दाफाश होगा। भय के साये में पूरा परिवार…राष्ट्रीय एकता अवार्ड, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री सम्मान समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित समाजसेवी अखिलेश पांडेय और उनका परिवार वारदात के बाद दहशत में है। परिवार का कहना है कि चोर सिर्फ चोरी करने नहीं, बल्कि जानलेवा हमला करने के इरादे से आए थे। घर पर बॉडीगार्ड होने के बावजूद चोर सभी सुरक्षा इंतजाम भेदकर अंदर घुसे। करीब दो घंटे तक घर के भीतर रहे और वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
Source link