![]()
राजधानी असुरक्षित, करोड़ों की संपत्ति साफ राजधानी में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। बीते एक माह में चोरी, लूट और छिनतई की 24 वारदातें हो चुकी हैं। करोड़ों की संपत्ति पर चोर हाथ साफ कर चुके हैं। पिछले 48 घंटे में ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आईं। कहीं बंद दुकानों के ताले टूटे, तो कहीं राह चलते लोगों को निशाना बनाया गया। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत है। सवाल उठ रहा है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं है। पुलिस चोरों की तलाश हजारीबाग, जमशेदपुर, बंगाल और दूसरे जिलों-राज्यों में कर रही है, जबकि वारदातें रांची में लगातार जारी हैं। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चोरों की कद-काठी और चोरी का तरीका काफी हद तक मिलता-जुलता दिख रहा है। करीब एक माह पहले बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र के पीपी ज्वेलर्स और चार जुलाई को नगड़ी के अंकित ज्वेलर्स में हुई लाखों की चोरी का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पिछले 24 से 48 घंटे में… कहीं चोरी, कहीं लूट
केस 1 : खाद और बीज दुकान में ग्रिल काट कर नकदी ले गए चोर
बेड़ो थाना क्षेत्र के खाद बीज दुकान को चोरों ने रविवार शाम को निशाना बनाया। मालिक असित केसरी ने बताया कि सोमवार को दुकान खोला तो ग्रिल कटी हुई थी। नकदी समेत कई सामान गायब थे। बेड़ो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। केस 2 : बंद घर का एस्बेस्टस तोड़ लाखों के गहने ले उड़े चोर
न्यू जगन्नाथपुर कॉलोनी में बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने एसबेस्टस तोड़ लाखों के जेवर चुरा लिये। पीड़ित सुरेश यादव ने जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज कराया है। सुरेश यादव ने बताया कि अलमीरा खोल चोरी की गई। केस 3 : बंद घर से नकदी समेत 4 लाख रुपए के गहने की चोरी
खेलगांव स्थित सैनिक कॉलोनी के एक घर से चोरों ने नकदी समेत करीब 4 लाख के गहनों की चोरी कर ली। पीड़ित पवन कुमार ने खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार घटना के वक्त परिवार रांची में नहीं था। केस 4 : अमित ज्वेलर्स से 12 लाख रुपए के जेवर की चोरी
नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित अमित ज्वेलर्स से चोरों ने 12 लाख रुपए के जेवरात चुरा लिए। सोना-चांदी व्यवसायी बबलू सोनी ने बताया कि चोरों ने पहले सोनी ज्वेलर्स में चोरी का प्रयास किया। वहां ये विफल रहे। इसके बाद अमित ज्वेलर्स को निशाना बनाया। नहीं हो रही पेट्रोलिंग
पुलिस संसाधनों को मजबूत करते हुए 4 महीने पहले रांची पुलिस को 80 बोलेरो और करीब 103 बाइक उपलब्ध कराया गया है। बोलेरो को पीसीआर में शामिल करते हुए पुलिस पेट्रोलिंग मजबूत करने के उद्देश्य से गाड़ी दी गई है। लेकिन दुर्भाग्य है कि नई गाड़ी मिलने के बाद भी पुलिस पेट्रोलिंग में कोई तेजी नहीं आई है। सिटी के कुछ प्रमुख इलाकों में पुलिस रात में कुछ बहुत चक्कर जरूर लगाती है। लेकिन बाहरी इलाकों में पुलिस रात 11 बजे के बाद नजर भी नहीं आती। जबकि चोरी की सभी घटनाओं को रात एक से तीन बजे के आस-पास अंजाम दिया जा रहा है।
Source link