Last Updated:
Deoghar Famous Samosa: देवघर के जसीडीह-कोरियाडीह रोड पर कुंदन राणा पिछले पांच सालों से लकड़ी के चूल्हे पर स्वादिष्ट समोसे बेच रहे हैं. वे 5 रुपये में एक समोसा बेचते हैं और उनके स्वाद की इस कदर धूम कि रोजाना केवल दो घंटे में 500 पीस समोसे तक बिक जाते हैं.
देवघर. आज के समय में जहां ज्यादातर दुकानों में गैस पर समोसे तैयार किए जाते हैं, वहीं देवघर में एक ऐसी दुकान है, जहां आज भी पुराने देसी अंदाज में जंगल की लकड़ियों की धीमी-धीमी आंच पर समोसे बनाए जाते हैं. खास बात यह है कि यहां समोसे की कीमत महज 5 रुपये है, लेकिन स्वाद ऐसा कि लोग इसके दीवाने हैं. दुकान पर हर दिन करीब 500 पीस समोसों की बिक्री हो जाती है. इतना ही नहीं, समोसे तैयार होने के बाद महज दो घंटे के अंदर ही सारे समोसे बिक जाते हैं. अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर पांच रुपये के इस समोसे में ऐसा क्या खास है, जिसके लिए ग्राहकों की इतनी भीड़ उमड़ती है.
देवघर के जसीडीह-कोरियाडीह सड़क पर चलाते हैं दुकान
दरअसल, देवघर के जसीडीह-कोरियाडीह सड़क पर 25 वर्षीय कुंदन राणा पिछले पांच वर्षों से समोसे की दुकान चला रहे हैं. कुंदन ने अपने इस छोटे से कारोबार को अपनी मेहनत और हाथों के स्वाद से एक अलग पहचान दिलाई है. खासकर आसपास के ग्रामीण इलाकों में इनकी दुकान काफी प्रचलित है.
यहां समोसा बनाने का तरीका भी बाकी दुकानों से थोड़ा अलग है. कुंदन आज भी जंगल से लाई गई लकड़ियों को जलाकर चूल्हे पर समोसे तैयार करते हैं. लकड़ी की धीमी-धीमी आंच पर समोसे पकाने का यह पुराना तरीका आज भी यहां देखने को मिलता है. सुबह से ही दुकान पर समोसे बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है और जैसे-जैसे समोसे तैयार होते हैं, ग्राहकों की भीड़ जुटने लगती है.
क्या कहते हैं दुकानदार
दुकानदार कुंदन राणा ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचीत करते हुए कहा कि इस दुकान की सबसे बड़ी खासियत यहां के समोसे में इस्तेमाल होने वाले मसाले हैं. समोसे के अंदर आलू की मसालेदार भराई की जाती है, जिसमें कुंदन अपने खास मसालों का इस्तेमाल करते हैं. यही वजह है कि यहां आने वाले ग्राहक एक बार समोसा खाने के बाद दोबारा जरूर पहुंचते हैं.
महज 5 रुपये कीमत होने के कारण ग्रामीण इलाके के लोगों की जेब पर भी ज्यादा बोझ नहीं पड़ता. बच्चे हों या बड़े, हर कोई इस समोसे का स्वाद लेना पसंद करता है. रोजाना करीब 500 पीस समोसों की बिक्री होना इस दुकान की लोकप्रियता को बताने के लिए काफी है. कुंदन के मुताबिक, दुकान पर तैयार समोसे महज दो घंटे में ही बिक जाते हैं.
लकड़ी के चूल्हे पर तैयार किया गया समोसा है बेहद खास
25 वर्षीय कुंदन राणा के लिए यह दुकान सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और पहचान भी बन चुकी है. पिछले पांच वर्षों से लगातार इस काम को करते हुए उन्होंने आसपास के गांवों में अपनी अलग पहचान बनाई है. आज ग्रामीण इलाके के कई लोग कुंदन की दुकान को उनके समोसे के स्वाद से पहचानते हैं.
आधुनिकता के इस दौर में कुंदन ने लकड़ी के चूल्हे पर समोसे बनाने की अपनी पुरानी परंपरा और मेहनत से ग्राहकों का भरोसा जीता है. पांच रुपये का समोसा, रोजाना 500 पीस की बिक्री और महज दो घंटे में दुकान का स्टॉक खत्म होना, यही कुंदन की दुकान की सबसे बड़ी खासियत है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…