भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

87 लाख रुपए से होगा रिनोवेशन:होटवार जेल में बजेगी शहनाई, कम दर...




होटवार जेल अब तक कैदियों की वजह से चर्चा में रहता था, लेकिन अब इसकी एक नई पहचान बनने जा रही है। जेल का कम्युनिटी हॉल अब आम लोगों के लिए शादी और सामाजिक आयोजनों का केंद्र बनेगा। यहां बारात पहुंचेगी और शहनाई भी गूंजेगी। कम्युनिटी हॉल में मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था होगी, जबकि पास के मंदिर में शादी की रस्में पूरी होंगी। लोग यहां जन्मदिन और सालगिरह जैसे कार्यक्रम भी आयोजित कर सकेंगे। इसके लिए जेल प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है। जेल आईजी के निर्देश पर कम्युनिटी हॉल को आम लोगों के लिए किराए पर देने का फैसला किया गया है। हॉल को नए तरीके से तैयार करने का लक्ष्य दिसंबर तक रखा गया है। इसके बाद इसे सामाजिक और निजी आयोजनों के लिए बुक किया जा सकेगा। बुकिंग के लिए लोगों को जेल प्रबंधन से संपर्क कर निर्धारित न्यूनतम शुल्क देना होगा। जेल के कम्युनिटी हॉल का रिनोवेशन जेल आईजी के निर्देश पर किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 87 लाख रुपए का फंड जारी किया गया है। रिनोवेशन का काम जेल अधीक्षक के चंद्रशेखर और जेलर लवकुश कुमार की देखरेख में चल रहा है। हॉल में आकर्षक टाइल्स और महंगे ब्रांडेड झूमर लगाए जा रहे हैं। इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि शादी और अन्य आयोजनों में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। रिनोवेशन होने के बाद हॉल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे यह शादी और पार्टी के लिए एक बेहतर स्थान बन सके। जेल के अंदर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था, हॉल में एक साथ 4 हजार लोग बैठ सकेंगे 3 हजार स्क्वायर फीट में बने इस हॉल के एक हिस्से में बड़ा स्टेज बनाया गया है। इसके बावजूद हॉल में 4 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। हॉल में ही महिला व पुरूष के लिए अलग-अलग शौचालय आैर पानी की व्यवस्था की गई है। वहीं शादी-पार्टी में पहुंचने वाले लोगों के गाड़ियों की पार्किंग का व्यवस्था भी जेल प्रबंधन ने सामने खाली पड़े मैदान में किया है। हॉल तक पहुंचने वाले लोग सामने खाली मैदान में गाड़ी पार्क कर आयोजन स्थल तक आना-जाना कर सकते हैं। आवासीय परिसर के बगल से होगा रास्ता कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जेल के संवेदनशील हिस्सों और कम्युनिटी हॉल के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाएगी। इसके लिए मुख्य सड़क से लेकर कम्युनिटी हॉल तक बाउंड्री कराया जाएगा। आयोजन स्थल पर आने-जाने वालों के लिए अलग से प्रवेश व निकासी की व्यवस्था की जाएगी। चप्पे-चप्पे पर जेल के सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। हॉल से जेल की ओर जाने वाले गेट को बंद रखा जाएगा। वहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। हॉल में आने-जाने के लिए जेल आवासीय परिसर के बगल से रास्ता होगा जहां अलग-अलग लोकेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे। सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग के लिए एक टीम तैनात रहेगी जो लगातार वहां से आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखेगी। समारोह में पहुंचने वाले लोग किसी भी हॉल में जेल की ओर नहीं जा सकेंगे। जेल प्रशासन को राजस्व और लोगों को सुविधा देना उद्देश्य जेल सुपरिटेंडेंट के चंद्रशेखर ने बताया कि साल में एक या दो बार ही हॉल में बड़े स्तर पर प्रोग्राम होता है। हॉल के रख-रखाव पर काफी खर्च होता है। ऐसे में सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। जेल आईजी की सकारात्मक सोच के बाद हॉल को शादी-पार्टी के लिए किराए पर न्यूनतम दामों में देने का प्रपोजल तैयार किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य जेल प्रशासन को राजस्व उपलब्ध कराना और आम लोगों को बेहतर सुविधा देना है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top