Last Updated:
संजय ने बताया कि कई बार लोग घर या दुकान का ताला बंद होने के कारण बाहर फंस जाते हैं. ऐसी विशेष परिस्थितियों में वे ग्राहक के घर या मौके पर जाकर भी चाबी बनाने और ताला खोलने की सेवा उपलब्ध कराते हैं. इसके लिए सामान्य शुल्क के अलावा…..
कोडरमा: बाजार की भागदौड़ भरी जिंदगी में अगर अचानक बाइक, स्कूटी या घर के ताले की चाबी गुम हो जाए तो पूरा काम ठप पड़ सकता है. ऐसी स्थिति में नई चाबी बनवाना कई लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है. कोडरमा के झंडा चौक स्थित कारीगर संजय कुमार पिछले 20 वर्षों से अपनी पारंपरिक कला और अनुभव के दम पर लोगों की इस परेशानी का समाधान कर रहे हैं. संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने चाबी बनाने का हुनर अपने पिता से सीखा था. वर्षों के अभ्यास और अनुभव के कारण आज वे बिना मूल चाबी के भी अधिकांश ताले और वाहनों की डुप्लीकेट चाबी कुछ ही मिनटों में तैयार कर देते हैं.
ऐसे तैयार होती है बिना मूल चाबी के नई चाबी
उन्होंने बताया कि चाबी बनाने की प्रक्रिया बेहद सावधानी और तकनीकी समझ पर आधारित होती है. सबसे पहले ताले के आकार, मोटाई और मेटल प्रोफाइल के अनुसार एक खाली चाबी ली जाती है. इसके बाद इसको ताले में डालकर प्लास की सहायता से हल्का दबाव देकर घुमाने का प्रयास किया जाता है. इस प्रक्रिया में ताले के अंदर मौजूद पिन चाबी की सतह पर छोटे-छोटे निशान छोड़ते हैं. निशानों को ध्यान से देखकर विशेष फाइल टूल से धीरे-धीरे घिसा जाता है. यह प्रक्रिया कई बार दोहराई जाती है, जब तक कि चाबी ताले के सभी पिनों को सही स्थिति में सेट न कर दे और ताला आसानी से खुलने न लगे. पूरी प्रक्रिया में सामान्यतः 5 से 10 मिनट का समय लगता है.
घर पहुंचकर भी देते हैं सेवा
संजय ने बताया कि कई बार लोग घर या दुकान का ताला बंद होने के कारण बाहर फंस जाते हैं. ऐसी विशेष परिस्थितियों में वे ग्राहक के घर या मौके पर जाकर भी चाबी बनाने और ताला खोलने की सेवा उपलब्ध कराते हैं. इसके लिए सामान्य शुल्क के अलावा 100 रुपए अतिरिक्त चार्ज लिया जाता है. उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर दोपहिया वाहन की डुप्लीकेट चाबी 120 रुपये में तैयार कर दी जाती है. जबकि घर के सामान्य ताले की चाबी 100 रुपये प्रति पीस में बनाई जाती है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें