कोडरमा | अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वावधान में मंडल कारा कोडरमा में विचाराधीन बंदियों के बीच योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने कहा कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मानसिकता का विकास संभव है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। उन्होंने बंदियों से नियमित रूप से योगाभ्यास करने की अपील करते हुए कहा कि योग के माध्यम से वे स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बना सकते हैं। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक शशि कुमार ने बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में मंडल कारा अधीक्षक राजमोहन राजन, सहायक जेलर प्रेम कुमार, न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह, जेलकर्मी राजीव कुमार, मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी सहित सैकड़ों बंदी मौजूद थे।
Source link