भास्कर न्यूज | कोडरमा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को डोमचांच सीएम प्लस टू हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कोडरमा विधायक नीरा यादव ने कार्यक्रम में अपनी उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णादेवी, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विधायक डॉ. नीरा यादव का आरोप है कि दीप प्रज्ज्वलन के दौरान उन्हें मंच पर आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि वह कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थीं। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बैनर और पोस्टर में भी उनका नाम और तस्वीर शामिल नहीं थी। इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया और अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि वह पिछले 12 वर्षों से लगातार योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होती रही हैं, लेकिन इस प्रकार की स्थिति पहले कभी नहीं बनी। उन्होंने कहा कि यह एक सरकारी कार्यक्रम था और एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए था।डॉ. नीरा यादव ने कहा कि वह इस व्यवहार से आहत थीं और चाहतीं तो कार्यक्रम छोड़कर जा सकती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री से जुड़े इस महत्वपूर्ण आयोजन की गरिमा को देखते हुए उन्होंने कार्यक्रम में बने रहना उचित समझा। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल असम्मानजनक है, बल्कि प्रशासनिक प्रोटोकॉल की भी अनदेखी है।
Source link