भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

इलाज की जगह बना शराबियों का अड्डा..जामताड़ा के हेल्थ सेंटर को लेकर...


Last Updated:

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मुरली पहाड़ी स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को अविलंब नियमित रूप से चालू कराया जाए. साथ ही यहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए. साथ ही, अस्पताल परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं.

इलाज की जगह शराबियों का अड्डा..जामताड़ा के हेल्थ सेंटर को लेकर भड़की जनताZoom

चार साल से बंद पड़ा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर

जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मुरली पहाड़ी स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह स्वास्थ्य केंद्र पिछले करीब चार वर्षों से प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रहा है. इसके कारण क्षेत्र के लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि जहां मरीजों का इलाज होना चाहिए था, वहां अब शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है.

ग्रामीणों के अनुसार, सरकार ने गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना की थी. अस्पताल भवन पूरी तरह तैयार है और उसमें कंप्यूटर, पीसी सेटअप, इनवर्टर सहित कई आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध हैं. भवन की साफ-सफाई भी होती है, लेकिन इसके बावजूद मुख्य भवन में वर्षों से ताला लटका हुआ है. यहां नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित नहीं की जा रही हैं.

स्वास्थ्य केंद्र के बंद रहने या पर्याप्त रूप से संचालित नहीं होने का सबसे अधिक असर आसपास के ग्रामीणों पर पड़ रहा है. छोटी-बड़ी बीमारी होने पर भी लोगों को इलाज के लिए जामताड़ा, धनबाद और अन्य दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है. आपातकालीन स्थिति में मरीजों को कई किलोमीटर दूर ले जाने में समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से केंद्र का समुचित उपयोग नहीं होने के कारण अस्पताल परिसर असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक, शाम होते ही यहां शराबियों का जमावड़ा लगने लगता है. इससे आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से अस्पताल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है.

यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ. इरफान अंसारी वर्तमान में झारखंड सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री हैं. ऐसे में उनके ही विधानसभा क्षेत्र में स्थित एक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के वर्षों तक प्रभावी ढंग से संचालित नहीं होने के आरोप स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मुरली पहाड़ी स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को अविलंब नियमित रूप से चालू कराया जाए. साथ ही यहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए. साथ ही, अस्पताल परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं.

वहीं, इस मामले पर पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने अस्पताल बंद होने की बात से इनकार किया. उन्होंने कहा कि मुरली पहाड़ी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में एएनएम और अन्य मेडिकल स्टाफ की तैनाती है तथा वे वहां आवासीय रूप से भी रहते हैं. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि केंद्र में चिकित्सकों की कमी है. सिविल सर्जन ने कहा कि राज्य स्तर से चिकित्सकों की उपलब्धता होते ही वहां डॉक्टरों की पदस्थापना कर दी जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top