भास्कर न्यूज | गढ़वा डंडई थाना क्षेत्र अंतर्गत पनघटवा डैम के समीप सोमवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद मृतक के गांव करके में शोक की लहर फैल गई है। मृतक की पहचान डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव निवासी महेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में उनकी 20 वर्षीय पत्नी सीमा देवी और 10 वर्षीय पुत्र दशरथ कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्र प्रजापति अपनी पत्नी और बेटे को बाइक पर बैठाकर छत्तीसगढ़ के सनवाल गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान पनघटवा डैम के पास पहुंचते ही उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने गार्डवाल से जोरदार तरीके से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय दिया। लोगों ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महेंद्र प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी सीमा देवी और पुत्र दशरथ कुमार को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही डंडई थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
Source link