Last Updated:
वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में इस सेवा का शुभारंभ किया गया. इस पहल के तहत दो एंबुलेंस नगर क्षेत्र की जनता को समर्पित की गई हैं. ये एंबुलेंस 30 किलोमीटर के दायरे में दिन-रात निशुल्क सेवा देंगी.
एक कॉल पर पहुंचेगी एंबुलेंस
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा नगर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. अब किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता की पहल पर शहर में 24 घंटे निशुल्क एंबुलेंस सेवा की शुरुआत कर दी गई है. दुमका रोड स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में इस सेवा का शुभारंभ किया गया. इस पहल के तहत दो एंबुलेंस नगर क्षेत्र की जनता को समर्पित की गई हैं. ये एंबुलेंस 30 किलोमीटर के दायरे में दिन-रात निशुल्क सेवा देंगी.
दरअसल, जामताड़ा में पिछले कुछ समय से एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. कई मामलों में लोगों को मरीजों को खटिया पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ा, जबकि कुछ लोगों ने ट्रैक्टर के सहारे अस्पताल पहुंचने की कोशिश की. ऐसी घटनाओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे और आम लोगों की परेशानी को सामने लाया था.
नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने नगरवासियों से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का वादा किया था. उसी वादे को पूरा करते हुए यह निशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी, वाहन की कमी या सरकारी एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के कारण किसी भी मरीज की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए. यही सोचकर इस सेवा की शुरुआत की गई है.
उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के भीतर 30 किलोमीटर तक किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को दिन या रात किसी भी समय एंबुलेंस की आवश्यकता होने पर यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क मिलेगी. इससे गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और गरीब परिवारों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा. वहीं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि हाल के दिनों में मरीजों को खटिया और ट्रैक्टर के सहारे अस्पताल ले जाने की घटनाएं बेहद दुखद थीं.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा हर नागरिक का अधिकार है और समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से शहर में दो निशुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं. इस नई व्यवस्था के तहत नगर क्षेत्र का कोई भी नागरिक आपातकालीन स्थिति में 7765950812 और 9939595909 नंबर पर 24 घंटे संपर्क कर निशुल्क एंबुलेंस सेवा का लाभ उठा सकता है.
शहरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है. लोगों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस मिलना कई बार किसी की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है. ऐसे में जामताड़ा में शुरू हुई यह निशुल्क एंबुलेंस सेवा स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें