![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने देश में बढ़ते पेपर लीक मामलों, युवाओं में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के गिरते स्तर को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। बुधवार को बोकारो परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच देश में लगभग 89 पेपर लीक के मामले सामने आए, जिसके कारण 48 बार परीक्षाएं दोबारा आयोजित करनी पड़ी। एक अध्ययन के अनुसार पिछले पांच वर्षों में 15 राज्यों में 41 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिससे करीब 1.4 करोड़ अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 लागू होने के बावजूद राजस्थान समेत कई राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं नहीं रुकीं, जो कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने छात्रों की आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताया। मौके पर प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट राजीव नारायण प्रसाद, जिलाध्यक्ष जवाहर लाल महथा, कोषाध्यक्ष अशोक मिश्रा, उपाध्यक्ष प्रेम राय, उपाध्यक्ष राजकुमार विद्यार्थी आदि थे।
Source link