![]()
रांची, धनबाद और गिरिडीह में हवाई लिडार सर्वेक्षण पूरा: जनसुविधाओं के लिए जीआईएस पर बल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत जुडको (JUIDCO) द्वारा संचालित जीआईएस (GIS) आधारित शहरी प्रबंधन प्रणाली परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। यह परियोजना राज्य के 49 शहरी स्थानीय निकायों में आधुनिक, पारदर्शी एवं डेटा-आधारित शहरी प्रशासन विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में सीएम को अवगत कराया गया कि पायलट परियोजना के रूप में रांची, धनबाद एवं गिरिडीह नगर निगमों का चयन किया गया है। इन तीनों नगर निगम क्षेत्रों में हवाई लिडार (LiDAR) सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। डिजिटल मैपिंग, जीआईएस लेयर निर्माण एवं डेटा प्रोसेसिंग का कार्य प्रगति पर है। परियोजना के मुख्य बिंदु: सटीक डिजिटल अभिलेखीकरण: परियोजना के अंतर्गत जियो-टैगिंग आधारित संपत्ति सर्वेक्षण, शहरी परिसंपत्तियों की विस्तृत मैपिंग, जल निकायों की निगरानी व जीआईएस आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जा रहा है। शहरी परिसंपत्तियों की मैपिंग: इसके माध्यम से भवनों, सड़कों, स्ट्रीट लाइट, विद्युत पोल, जल स्रोतों सहित अन्य शहरी परिसंपत्तियों का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश: तय समय-सीमा में पूरा करें कार्य मुख्यमंत्री ने बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के कार्यों को तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करें। यह पहल शहरी नियोजन को वैज्ञानिक आधार प्रदान करेगी, साथ ही नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगी। उन्होंने राजस्व सुदृढ़ीकरण, परिसंपत्ति प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु जीआईएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पायलट परियोजना से प्राप्त अनुभवों का व्यापक विश्लेषण कर राज्य के अन्य नगर निकायों में इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से विस्तारित करने की कार्ययोजना बनाई जाए। बैठक में ये रहे मौजूद: बैठक में नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, सूडा (SUDA) के निदेशक सूरज कुमार आदि मौजूद थे।
Source link