![]()
झारखंड में मानसून सक्रिय है। बादल उमड़ते-घुमड़ते हैं, पर बारिश नहीं हो रही है। लेकिन आंधी और ठनका तबाही मचा रहा है। गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई। आंधी से जगह-जगह पेड़ गिर गए। इससे बिजली गुल हो गई। इस दौरान ठनका गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। पिछले 10 दिन में ठनके से 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी एक जुलाई तक ऐसा ही मौसम रहेगा। हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान 40 से 50 किमी की रफ्तार से आंधी चलेगी और ठनका गिरेगा। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए ठनके का यलो अलर्ट जारी किया है। इधर, रांची में गुरुवार को सुबह 11 बजे मौसम बदला। आंधी और गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई, जो करीब 25 मिनट तक चलेगी। इसके बाद फिर धूप और उमस से लोग परेशान हो गए। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 50.3 एमएम बारिश चाईबासा में हुई। वहीं करमाटांड़ में 48 एमएम, जामताड़ा में 36.4 एमएम और नाला में 31.8 एमएम बारिश हुई। डालटनगंज सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 40.8 डिग्री दर्ज हुआ। आगे क्या: आज-कल भी आंधी और बारिश मौसम विभाग ने 26 और 27 जून को भी बारिश और गरज के साथ ठनके का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। मौसम विभाग ने इस दौरान खुले मैदान, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को खेतों में कार्य करते समय मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है। चतरा और जामताड़ा में 3-3 लोगों की मौत ठनके से पलामू के उकसु गांव निवासी चिंता कुंवर (60) और गोंगो गांव के अनेश कुमार (12) की मौत हो गई। चिंता पेड़ के नीचे खड़ी थी, जबकि अनेश घर से बाहर निकला था। वहीं लोहरदगा के बतरू गांव में 11 साल की बच्ची नीलम कुमारी की ठनके की चपेट में आकर जान चली गई। कोडरमा के फुलवरिया गांव में भी गुरुवार शाम ठनका गिरा। पेड़ के नीचे लकड़ियां समेट रहीं सोनी कुमारी (26) इसकी चपेट में आ गई और मौत हो गई। उधर, चतरा के रिमी गांव में पेड़ के नीचे बैठी पूजा कुमारी (15) की भी ठनके से मौत हो गई। जबकि मयूरहंड थाना क्षेत्र के महुगाई गांव में सरोज देवी (44) और शैवाल गांव में सहदेव ठाकुर (50) की ठनके की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं जामताड़ा के चड़काडीह गांव में बुधवार रात पांच लोग ठनके की चपेट में आ गए। अस्पताल ले जाते समय बिनु हांसदा (45) और विश्वकर्मा टुडू (15) की मौत हो गई। इसके अलावा नैयाडीह गांव में भी ठनके से लक्ष्मीपुर निवासी सनातन हांसदा (45) की जान चली गई।
Source link