![]()
धनबाद-गया रेलखंड पर स्थित कोडरमा स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया। युवक पर ट्रेन में पिस्टल लहराने और यात्रियों को धमकाने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ कोडरमा को धनबाद के सेक्शन कंट्रोलर से ‘रेल मदद’ के माध्यम से सूचना मिली थी। सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12874 डाउन आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस के कोच B-1 में एक व्यक्ति शराब के नशे में हथियार दिखाकर यात्रियों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के निर्देश पर टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के कोडरमा पहुंचते ही संबंधित कोच को चारों ओर से घेर लिया गया। नशे में पिस्टल लेकर घूम रहा था आरोपी कोच B-1 में प्रवेश करते ही जवानों ने देखा कि एक युवक नशे की हालत में अपनी कमर में पिस्टल लेकर घूम रहा है। यात्रियों को धमकी दे रहा है। टीम ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे काबू करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान युवक ने जवानों के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की भी की। काफी मशक्कत के बाद उसे ट्रेन से नीचे उतारकर जीआरपी कोडरमा पोस्ट लाया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, मैगजीन में लोडेड 6 कारतूस और एक पाउच में रखे 18 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उत्तर प्रदेश का रहने वाला है आरोपी पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिवाकर सिंह (32 वर्ष), पिता सूर्यभान सिंह, निवासी प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज से रांची जा रहा था। सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह एक जगह स्थायी रूप से काम नहीं करता और अलग-अलग स्थानों पर नौकरी करता रहता है। जीआरपी कोडरमा ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस, रेलवे एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
Source link