Last Updated:
Latehar Fort New Favorite For Films And Reels: झारखंड के लातेहार का पलामू किला धीरे-धीरे फिल्म, म्यूजिक एल्बम और रील्स की पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है. हाल ही में यहां अनिल कुमार चौधरी का भोजपुरी सैड सॉन्ग शूट हुआ है. यह जगह हर तरह की शूटिंग के लिए लोगों की फेवरेट जगह बनती जा रही है.
लातेहर. झारखंड के लातेहार में पलामू का ऐतिहासिक किला सिर्फ अपनी गौरवशाली विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि अब फिल्म, म्यूजिक एल्बम और सोशल मीडिया रील्स की शूटिंग के लिए भी पहली पसंद बनता जा रहा है. घने जंगलों, पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता से घिरा यह किला कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को अपनी ओर आकर्षित करता है. यहां का शांत वातावरण, ऐतिहासिक वास्तुकला और प्राकृतिक नजारों का अनोखा संगम हर तरह की शूटिंग के लिए एक बेहतरीन लोकेशन साबित हो रहा है.
भोजपुरी सैड सॉन्ग की हो रही शूटिंग
भोजपुरी कलाकार अनिल कुमार चौधरी इन दिनों पलामू किला में अपने नए सैड सॉन्ग की शूटिंग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि यह चार मिनट का गीत है, जिसकी शूटिंग पलामू किला के बाद नेतरहाट में भी की जाएगी. यह गीत अगले 10 से 15 दिनों के भीतर कोयल इंटरटेनमेंट के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा. इसकी शूटिंग मुख्य रूप से पलामू किला के पास की जा रही है.
ऐतिहासिक किला खुद बयां करता है अपनी कहानी
गायक अनिल कुमार चौधरी का कहना है कि वह पहले भी घूमने के लिए पलामू किला आते रहे हैं और यहां कई फिल्मों व एल्बम की शूटिंग देख चुके हैं. उनके अनुसार यह किला सिर्फ एक ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि अपने आप में एक कहानी समेटे हुए है. यही वजह है कि यहां शूटिंग करने पर हर दृश्य जीवंत नजर आता है. प्रकृति की गोद में बसे इस स्थान पर हॉरर, रोमांटिक, इमोशनल और सैड जैसे हर तरह के दृश्य आसानी से फिल्माए जा सकते हैं.
मुस्कान एडी बोलीं – लोकेशन बेहद शानदार
गाने की शूटिंग में शामिल प्रसिद्ध मॉडल और अभिनेत्री मुस्कान एडी ने लोकल18 को बताया कि वह पहले भी पलामू में कई गानों और एल्बम की शूटिंग कर चुकी हैं. उन्होंने नागपुरी, भोजपुरी और खोरठा सहित कई भाषाओं के म्यूजिक वीडियो में काम किया है. मुस्कान बताती हैं कि उन्होंने महज 13 वर्ष की उम्र में मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. आज 22 वर्ष की उम्र में भी उन्हें अभिनय, डांस और म्यूजिक वीडियो में काम करने का उतना ही जुनून है. उनके अनुसार पलामू किला की प्राकृतिक खूबसूरती और ऐतिहासिक माहौल कलाकारों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है.
पर्यटन के साथ बढ़ रही फिल्म इंडस्ट्री की दिलचस्पी
स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर पलामू किला और आसपास के पर्यटन स्थलों को फिल्म शूटिंग के लिए और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो यह क्षेत्र झारखंड का प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन बन सकता है. इससे पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलामू की ऐतिहासिक धरोहर देशभर में नई पहचान हासिल करेगी.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें