Last Updated:
Aquarium Fish Care Tips: जमशेदपुर में एक्वेरियम का चलन बढ़ा है. एक्वेरियम की मछलियां बार-बार मर जाती हैं ? तो एक्सपर्ट से जानें पानी, रोशनी और भोजन देने का सही तरीका. जिससे मछलियों की जान बच जाएगी. विशेषज्ञ प्रेम ने पानी की नियमित सफाई, सीमित खाना, फिल्टर और लाइट का संतुलित उपयोग और नई मछली को धीरे अपनाने की सलाह दी. घर के एक्वेरियम के लिए बेहद जरूरी और आसान केयर टिप्स.
जमशेदपुर: आज के समय में घरों, कार्यालयों और दुकानों में एक्वेरियम रखने का चलन तेजी से बढ़ा है. रंग-बिरंगी मछलियां न केवल घर की सुंदरता बढ़ाती हैं, बल्कि वातावरण को भी शांत और आकर्षक बनाती हैं. हालांकि, कई लोगों की शिकायत रहती है कि एक्वेरियम में रखी मछलियां कुछ ही दिनों या महीनों में मर जाती हैं. इसके पीछे अक्सर मछलियों की सही देखभाल न होना और एक्वेरियम के रखरखाव में की गई छोटी-छोटी गलतियां जिम्मेदार होती हैं. एक्वेरियम विशेषज्ञ प्रेम के अनुसार, जिस तरह लोग अपने बच्चों की देखभाल करते हैं, उसी तरह मछलियों का भी नियमित ध्यान रखना जरूरी है.
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
मछलियां पूरी तरह से अपने वातावरण पर निर्भर होती हैं, इसलिए पानी की गुणवत्ता, भोजन और एक्वेरियम की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. प्रेम बताते हैं कि एक्वेरियम का पानी लंबे समय तक एक जैसा नहीं रहने देना चाहिए. हर सप्ताह कम से कम 30 प्रतिशत पानी निकालकर नया और साफ पानी डालना चाहिए. इससे पानी में जमा गंदगी और हानिकारक तत्व कम होते हैं तथा मछलियों को स्वस्थ वातावरण मिलता है. वहीं महीने में कम से कम एक बार एक्वेरियम की अच्छी तरह सफाई भी करनी चाहिए ताकि कांच, पत्थरों और अन्य सजावटी वस्तुओं पर जमा गंदगी हटाई जा सके.
भोजन देने में बरतें सावधानी
मछलियों को भोजन देने में भी सावधानी बरतनी चाहिए. बड़ी मछलियों को प्रतिदिन लगभग 20 से 22 दाने तक भोजन दिया जा सकता है, जबकि छोटी मछलियों का पेट 3 से 4 दानों में ही भर जाता है. आवश्यकता से अधिक भोजन देने पर बचा हुआ खाना पानी में सड़ने लगता है, जिससे पानी दूषित हो जाता है और मछलियों के बीमार होने या मरने का खतरा बढ़ जाता है.
फिल्टर और मोटर चलाने की है सीमा
कई लोग फिल्टर और मोटर को चौबीसों घंटे चलाते रहते हैं, जबकि इसकी भी एक सीमा होनी चाहिए. प्रेम के अनुसार, फिल्टर या मोटर को सुबह लगभग 4 घंटे और शाम को 4 घंटे चलाना पर्याप्त होता है. इसी प्रकार एक्वेरियम की लाइट भी लगातार नहीं जलानी चाहिए. लंबे समय तक लाइट जलने से पानी में काई (एल्गी) बनने लगती है, जिससे एक्वेरियम की सुंदरता और पानी की गुणवत्ता दोनों प्रभावित होती हैं.
नई मछली रखने से पहले ये ध्यान जरूरी
नई मछली खरीदकर सीधे एक्वेरियम में डालना भी एक आम गलती है. नई मछली को पहले कुछ समय तक उसी प्लास्टिक बैग में एक्वेरियम के पानी के ऊपर तैरने देना चाहिए, ताकि वह नए तापमान और वातावरण के अनुसार खुद को ढाल सके. इसके बाद ही उसे एक्वेरियम में छोड़ना चाहिए. विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित सफाई, संतुलित भोजन, सही रोशनी और पानी की गुणवत्ता बनाए रखने से मछलियां लंबे समय तक स्वस्थ रहती हैं. थोड़ी सी सावधानी और नियमित देखभाल आपके एक्वेरियम को सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ मछलियों की उम्र भी बढ़ा सकती है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें