![]()
भास्कर न्यूज | कोडरमा जिले में 28 से 30 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान का रविवार को शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,56,732 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।सदर अस्पताल, कोडरमा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की ने भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। उपायुक्त ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिले के 908 पोलियो बूथों पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार शर्मा, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक महेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। भास्कर न्यूज| सतगावां थाना क्षेत्र के खुट्टा-पिरवैया गाजेडीह मार्ग स्थित जंगल के समीप शनिवार देर रात जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक की पहचान पुतोडीह गांव निवासी दीपक कुमार यादव (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार दीपक कुमार और उसके बड़े भाई पवन कुमार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के समाधान के लिए गांव में पंचायत भी हुई थी। घायल के पिता चंद्रिका प्रसाद यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन दोनों बेटों के बीच बराबर-बराबर बांट दी थी, लेकिन बड़े बेटे ने बंटवारे को लेकर असहमति जताई थी। आरोप है कि शनिवार रात दीपक यादव बासोडीह बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पिरवैया जंगल के समीप कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उस पर चाकू सहित अन्य हथियारों से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमले में बड़े भाई पवन कुमार और उसके कुछ सहयोगी शामिल थे। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने सतगावां थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। झुमरी तिलैया |प्रखंड स्वास्थ्य केंद्र, झुमरी तिलैया में रविवार को पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ प्रमुख सुशमा देवी एवं 20 सूत्री अध्यक्ष प्रभात राम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की। प्रमुख सुशमा देवी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।20 सूत्री अध्यक्ष प्रभात राम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्यकर्मियों के लगातार प्रयास से देश ने पोलियो उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से 28 जून को पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाने तथा 29 और 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.पी. शर्मा, डॉ. चंद्रमोहन कुमार, डॉ. मृत्युंजय पांडेय, बीपीएम मोनाजिर अहसान, बीएएम सुशांत लकड़ा, एएनएम पूनम कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। भास्कर न्यूज | कोडरमा थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी में शनिवार देर रात चोरों ने हैरतअंगेज ढंग से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खिड़की की लोहे की ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे बदमाशों ने अलमारी में रखे लगभग 40 हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय घर में महिलाएं मौजूद थीं। चोरों ने पूरी बेखौफ से वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता गृहस्वामी उर्फ माला देवी ने थाना में आवेदन देकर बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से जेल के पीछे स्थित न्यू कॉलोनी में किराये के मकान के प्रथम तल पर रह रही हैं। रात करीब एक बजे उनकी भतीजी मुस्कान को कमरे में आहट सुनाई दी। उसने बुआ को जगाया। इसके बाद दोनों ने खुद को दूसरे कमरे में बंद कर लिया। इसी दौरान चोर बाहर से कमरे की कुंडी लगाकर आराम से फरार हो गए। सुबह पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। तब पता चला कि खिड़की की ग्रिल उखाड़कर चोर अंदर घुसे थे। अलमारी की चाबी पास में टंगी थी। उन्होंने नकदी, जेवरात और दूसरे बॉक्स की चाबी भी साथ ले ली। पीड़िता का कहना है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की थी। उन्हें पता था कि घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं है। घटना जेल परिसर और थाना से कम दूरी पर होने के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
Source link