![]()
पालकोट रोड स्थित संध्या रानी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग गुमला के ललन कुमार रजक, विद्यालय प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद लाल, निदेशक संजय कुमार गुप्ता, प्रबंध समिति सदस्य यशवंत सिंह व शिवकुमार लाल और भारत विकास परिषद के जिलाध्यक्ष महेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बेबी नर्सरी, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधान और नृत्यों की प्रस्तुति देकर भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महात्मा गांधी के नमक कानून के विरोध में किए गए दांडी मार्च पर आधारित नृत्य-नाटक रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के इस महत्वपूर्ण प्रसंग को जीवंत कर दिया। प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। विद्यालय की ओर से आयोजित टैलेंट वीक में सफल प्रतिभागियों को अतिथियों ने मोमेंटो और मेडल देकर पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि ललन कुमार रजक ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद लाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम और देश की आजादी के महत्व की जानकारी दी तथा महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। निदेशक संजय कुमार गुप्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष गायत्री गुप्ता ने किया। मौके पर उपप्राचार्य मैत्री अधिकारी समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद थे।
Source link