![]()
भास्कर न्यूज | चतरा आगामी चुनावों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी से ही अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को चतरा कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में झामुमो की ओर से बूथ सम्मेलन सह बीएलए टू का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष नीलेश ज्ञासेन ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय शामिल हुए। चतरा पहुंचने पर विनोद कुमार पांडेय का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिनोद पांडेय ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य एजेंडा एसआईआर के तहत वोटर लिस्ट से आम जनता का नाम काटे जाने की साजिश को रोकना है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार एक नई राजनीति के तहत बिहार और बंगाल की तर्ज पर झारखंड में भी साजिश के तहत वोटरों का नाम कटवाकर चुनाव जीतना चाहती है। केंद्र की इस तानाशाही को चकनाचूर करने के लिए झामुमो ने बूथ स्तर पर एक विशेष कमेटी का गठन किया है। पार्टी द्वारा तैयार किए गए ये कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मुस्तैद रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से नहीं कटे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा एसआईआर के नाम पर की जा रही षड्यंत्र को झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार नहीं चलने देगी। झामुमो के एक-एक कार्यकर्ता एसआईआर की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। नाम कटा तो इसका सीधा मतलब आप देश के नागरिक ही नहीं हैं कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बिनोद कुमार पांडेय ने एसआईआर के दौरान सतर्क रहने की सलाह दिया। उन्होंने कहा कि यदि एसआईआर के दौरान उनका नाम वोटर लिस्ट से कटा तो इसका सीधा मतलब यही होगा कि आप देश के नागरिक ही नहीं हैं। इसके बाद सरकार के द्वारा उन्हें मिलने वाली सभी सुविधाएं रोक दी जाएगी। उन्हें ना तो मैया सम्मान योजना का लाभ मिलेगा और ना ही अनाज व अन्य योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसलिए एक-एक लोग एसआईआर के दौरान यह निश्चित कर लें कि उनका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं। कार्यक्रम में पार्टी के जिला सचिव चंद्रदेव कुमार, कोषाध्यक्ष नितेश कुमार, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राहुल यादव, छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष रूपेश यादव सहित काफी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Source link