लोहरदगा|विश्व सोशल मीडिया दिवस के अवसर पर हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष व झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि 30 जून को प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला यह दिवस सोशल मीडिया के सकारात्मक, सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया सूचना, शिक्षा, जन-जागरूकता, सामाजिक परिवर्तन और वैश्विक संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। इसके जरिए शिक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य, रोजगार, आपदा प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग समाज में सद्भाव, ज्ञान-वृद्धि, नवाचार और रचनात्मक संवाद के लिए होना चाहिए, न कि अफवाह, घृणा, भ्रामक सूचना या साइबर अपराध को बढ़ावा देने के लिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। संजय सर्राफ ने कहा कि यदि सोशल मीडिया का उपयोग शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा और राष्ट्रीय एकता जैसे रचनात्मक कार्यों के लिए किया जाए, तो यह समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनकर तकनीक का उपयोग समाज के हित में करने का आह्वान किया।
Source link