![]()
रामगढ़ जिले के बरकाकाना बाजार स्थित रामगढ़-पतरातू मेन रोड पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरकाकाना रेलवे स्टेशन के समीप एलजी 12 चक्का ट्रक (WB25GB-0535) और टिप-ट्रेलर (JH02BJ-8478) के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन विपरीत दिशा से आ रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखें… केबिन में फंसा रहा ट्रक चालक हादसे में एलपी ट्रक चालक राहुल गुप्ता (उम्र 25 वर्ष), पिता ददन गुप्ता, निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) केबिन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही बरकाकाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन की भी मदद ली गई। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से घायल राहुल गुप्ता को तुरंत इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से चालक की जान बचाई जा सकी। दो घंटे तक बाधित रहा आवागमन इस दुर्घटना के कारण करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और टिप-ट्रेलर को जब्त कर बरकाकाना थाना ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार व लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
Source link