Last Updated:
हजारीबाग के बड़कागांव में दुनिया के सबसे महंगे ‘मियाज़ाकी’ आम की चोरी हो गई है. चोरों ने किसान प्रवीण कुमार के बगीचे से पांच आम उड़ा लिए. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब चार लाख रुपये है. जापानी प्रजाति का यह दुर्लभ आम अपने अनोखे स्वाद और औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध है.
बगीचे में पीड़ित किसान प्रवीण कुमार
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बड़कागांव में एक किसान के बगीचे से दुनिया के सबसे महंगे आमों की चोरी हो गई है. चोरों ने जापानी प्रजाति के ‘मियाज़ाकी’ आम पर हाथ साफ किया है. अज्ञात चोर पेड़ से कुल पांच आम तोड़कर ले गए. इन चोरी हुए आमों का कुल वजन करीब डेढ़ किलो बताया जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों की कीमत
पीड़ित किसान प्रवीण कुमार के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खास आम की कीमत लाखों रुपये प्रति किलो तक होती है. इस लिहाज से चोरी हुए इन पांच आमों की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी जा रही है. किसान ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले पश्चिम बंगाल से 2400 रुपये में मियाज़ाकी आम के दो पौधे खरीदे थे. इस साल पेड़ों में पहली बार फल आए थे.
स्वाद और सेहत का अनोखा संगम
प्रत्येक आम का वजन लगभग 250 से 300 ग्राम के बीच था. तीन दिन पहले जब किसान बगीचे में पहुंचे, तो उन्हें पेड़ से पांच आम गायब मिले. इस अनोखी चोरी से किसान काफी मायूस हैं. मियाज़ाकी आम अपने गहरे लाल रंग और अनोखे स्वाद के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. इसका स्वाद काफी हद तक सेब जैसा होता है. इसे औषधीय और आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर माना जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है.
सुरक्षा के किए जाएंगे विशेष इंतजाम
इलाके में इस अनोखे आम की चोरी की घटना हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है. पीड़ित किसान का कहना है कि इस दुर्लभ प्रजाति के बचे हुए आमों की सुरक्षा के लिए अब उन्हें बागीचे में विशेष इंतजाम करने पड़ेंगे.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.