Last Updated:
Jamshedpur Smart Fan Device: जमशेदपुर के हिल टॉप स्कूल के कक्षा 9 छात्रों ने टेंपरेचर कंट्रोल स्मार्ट कूलिंग सिस्टम बनाया, जो तापमान के हिसाब से पंखे की स्पीड बदलकर बिजली बचाता है. आइये जानते हैं मार्केट में इसकी क्या कीमत है.
जमशेदपुर: झारखंड में जमशेदपुर के हिल टॉप स्कूल के कक्षा 9 के छात्रों ने एक खास “टेंपरेचर कंट्रोल स्मार्ट कूलिंग सिस्टम” तैयार किया है. यह एक ऐसा स्मार्ट डिवाइस है. जो कमरे के तापमान के अनुसार पंखे की स्पीड को अपने आप कम या ज्यादा कर सकता है. छात्रों का दावा है कि इससे बिजली की बचत होगी और पंखे की लाइफ भी बढ़ेगी.
जानें प्रोजेक्ट के छात्र ने क्या कहा
इस प्रोजेक्ट से जुड़े छात्र अर्जुन मिश्रा ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोग अक्सर पंखे को तेज स्पीड पर चलाते रहते हैं. जबकि कई बार इसकी जरूरत नहीं होती है. इससे बिजली ज्यादा खर्च होती है और पंखे के मोटर पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए उनकी टीम ने यह स्मार्ट डिवाइस बनाया है.
तापमान मापने वाला लगा है सेंसर
उन्होंने बताया कि इस डिवाइस में तापमान मापने वाला सेंसर लगाया गया है. यह सेंसर कमरे या आसपास के तापमान को लगातार जांचता रहता है. जैसे ही तापमान बढ़ता है, पंखे की स्पीड अपने आप बढ़ जाती है और तापमान कम होने पर पंखे की स्पीड भी कम हो जाती है. इससे लोगों को बार-बार रेगुलेटर चलाने की जरूरत नहीं पड़ती है.
इस प्रोटोटाइप को बनाने में छात्रों ने माइक्रोकंट्रोलर, सेंसर और प्रोग्रामिंग तकनीक का इस्तेमाल किया है. यह पूरी तरह से ऑटोमैटिक सिस्टम है, जो तापमान के अनुसार काम करता है. छात्रों का कहना है कि भविष्य में इस तकनीक का उपयोग केवल पंखों में ही नहीं, बल्कि लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कूलिंग सिस्टम में भी किया जा सकता है.
डिवाइस से होगी बिजली की बचत
इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत बिजली की बचत है. जरूरत के अनुसार ही पंखा चलेगा, जिससे अनावश्यक बिजली खर्च नहीं होगी. साथ ही पंखे की मोटर पर कम दबाव पड़ेगा, जिससे उसकी कार्यक्षमता और उम्र दोनों बढ़ सकती है. छात्रों का मानना है कि यदि इस प्रोटोटाइप को और बेहतर बनाकर बाजार में उतारा जाए, तो इसकी कीमत करीब 1500 रुपये हो सकती है. कम कीमत और उपयोगी तकनीक होने के कारण यह आम लोगों के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है.
हिल टॉप स्कूल के इन छात्रों की यह पहल दिखाती है कि आज के युवा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई तकनीक के जरिए रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान भी खोज रहे हैं. यह प्रोजेक्ट ऊर्जा बचत और स्मार्ट तकनीक की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें