![]()
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोलपोल बाजार में बुधवार रात एक हार्डवेयर सह सैनिटरी दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई और लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान संचालक नागेंद्र विश्वकर्मा को रात करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। दुकान में रखे ज्वलनशील हार्डवेयर और सैनिटरी सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। फायर ब्रिगेड ने घंटों बाद पाया काबू घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण दुकान संचालक शाम में ही दुकान बंद कर घर चले गए थे, जिसके बाद रात में यह हादसा हुआ। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। आग लगने के संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अंडरग्राउंड में रखा सामान भी नष्ट दुकान संचालक नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी दुकान लेंटर मकान में संचालित थी। अंडरग्राउंड में सीमेंट समेत अन्य सामान रखा हुआ था। आग लगने के बाद ऊपर के साथ-साथ नीचे रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। हार्डवेयर और सैनिटरी के महंगे सामान के कारण नुकसान काफी अधिक हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अगलगी में 25 लाख रुपए से अधिक की क्षति हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग देर रात तक मौके पर जुटे रहे।
Source link