![]()
मिठाई खरीदने गया था डॉक्टर का पूरा परिवार, 40 हजार रुपए नकद भी ले उड़े पंडरा ओपी क्षेत्र के इटकी रोड स्थित डार्लिंग आर्केड अपार्टमेंट में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की घटना हुई। अपराधियों ने एक फ्लैट से करीब 20 लाख रुपए के जेवरात और 40 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। पीड़ित आयुष चिकित्सक उमेश अग्रवाल ने पंडरा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, वे दोपहर में परिवार के साथ खरीदारी के लिए निकले थे। परिवार पिस्का मोड़ स्थित एक मिठाई दुकान तक गया था, जो अपार्टमेंट से करीब 10 मिनट की दूरी पर है। इसी दौरान अपराधियों ने फ्लैट में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि 20 से 25 मिनट के भीतर चोर अलमारी और अन्य जगहों को खंगाल कर फरार हो गए। लौटने पर परिवार ने दरवाजा और अलमारी खुली तथा सामान बिखरा पाया। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को रेकी के बाद वारदात किए जाने की आशंका है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है। चोरी की खबर सुनते ही केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ भी पीड़ित परिवार से मिलने आर्किड अपार्टमेंट पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। स्कूटी सवार अपार्टमेंट के बाहर कर रहा था रेकी
अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात से जुड़े संदिग्धों की तस्वीर कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध सीढ़ियों से ऊपर जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक अन्य संदिग्ध ग्राउंड फ्लोर पर इधर-उधर घूमता नजर आ रहा है। सीसीटीवी में संदिग्धों के चेहरे भी साफ दिख रहे हैं। फुटेज के अनुसार, दोपहर 11:49 बजे ब्लू रंग की टी-शर्ट और जींस पहने एक संदिग्ध अपार्टमेंट के नीचे पहुंचा। वह स्कूटी खड़ी कर आसपास की गतिविधियां देखने लगा। करीब दो मिनट तक वहां रुकने के बाद वह निकल गया। इसके ठीक कुछ देर बाद, दोपहर 1:54 बजे टोपी पहने दो संदिग्ध अपार्टमेंट में पहुंचे। इनमें एक युवक के पास पीठ पर बैग था। दोनों सीढ़ियों से ऊपर गए और फ्लैट में घुसे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों करीब दस मिनट में बाहर निकले और आराम से वहां से चले गए।
Source link