Last Updated:
धनबाद की डिगवाडीह-सिंदरी-बलियापुर-गोविंदपुर सड़क जल्द ही नेशनल हाईवे बनेगी. केंद्र सरकार ने इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है. सांसद ढुलू महतो के प्रस्ताव पर मंत्रालय ने यह फैसला लिया है. इस परियोजना से इलाके के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे.
AI से तैयार एनएच की प्रतिकात्मक फोटो
धनबाद: धनबाद के लाखों लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. डिगवाडीह-सिंदरी-बलियापुर-गोविंदपुर मार्ग को अब राष्ट्रीय राजमार्ग में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम में शामिल करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी जानकारी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में धनबाद के सांसद ढुलू महतो को एक पत्र भेजा है. इस पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने इस सड़क परियोजना पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में जरूरी निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं.
सांसद के प्रस्ताव पर मंत्रालय ने कराई जांच
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सांसद ढुलू महतो ने 3 दिसंबर 2025 को इस सड़क को लेकर एक प्रस्ताव भेजा था. इस प्रस्ताव पर मंत्रालय ने पूरी गहराई से विस्तृत जांच कराई. जांच में पाया गया कि यह प्रस्तावित सड़क क्षेत्र पहले से ही तीन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच-18, एनएच-218 और एनएच-19) से जुड़ा हुआ है. क्षेत्रीय संपर्क (कनेक्टिविटी) और लोगों के आवागमन की दृष्टि से इस पूरे रूट का एक विशेष महत्व है.
इन मानकों पर परखा गया प्रस्ताव
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केंद्र सरकार नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा के लिए कई कड़े मानक तय करती है. इसके लिए यातायात का घनत्व, माल और यात्री परिवहन की स्थिति को देखा जाता है। इसके अलावा क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक महत्व, पर्यटन की संभावनाएं और मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से इसकी कनेक्टिविटी जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर ही किसी भी प्रस्ताव का मूल्यांकन किया जाता है. इन सभी मानकों पर सही पाए जाने के बाद ही सांसद द्वारा प्रस्तावित इस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर नेशनल हाईवे कार्यक्रम में शामिल करने का निर्देश दिया गया है.
क्षेत्र के विकास की साबित होगी जीवनरेखा
सांसद ढुलू महतो ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सड़क धनबाद, सिंदरी, बलियापुर और गोविंदपुर सहित आसपास के लाखों लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगी. इस मार्ग के नेशनल हाईवे के रूप में विकसित होने से क्षेत्र में आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा. इससे स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से धनबाद में आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा विकास की यह रफ्तार आगे भी लगातार जारी रहेगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.