Last Updated:
Snake Behavior Monsoon: मानसून में सांपों की गतिविधियां अधिक बढ़ जाती हैं. पलामू के डॉ. डी.एस. श्रीवास्तव ने बताया कि सांप गंध और कंपन से आसपास का पता लगाते हैं. प्रजनन काल में वे अधिक सक्रिय होते हैं. इसलिए बारिश के सीजन में ज्यादा दिखाई देते हैं. सांप पर्यावरण के लिए उपयोगी हैं
पलामू: मानसून जा सीजन शुरू हो गया है. जहां मानसून का मौसम शुरू होते ही खेतों, बगीचों और रिहायशी इलाकों में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं. ऐसे समय में लोगों के बीच सांपों को लेकर कई तरह की बातें और अफवाहें भी फैलने लगती हैं. पलामू जिले के सर्प विशेषज्ञ डॉ, डी एस श्रीवास्तव का कहना है कि सांपों की गंध पहचानने की क्षमता बेहद तेज होती है. वे हवा में मौजूद सूक्ष्म रासायनिक कणों और जमीन के कंपन (वाइब्रेशन) के जरिए अपने आसपास की गतिविधियों का पता लगाते हैं. यही वजह है कि बारिश के मौसम में भोजन की तलाश और प्रजनन काल के दौरान उनकी सक्रियता अधिक दिखाई देती है.
उन्होंने कहा कि सांप इंसानों की तरह सामान्य तरीके से सूंघते नहीं हैं. वे अपनी दोमुंही जीभ को बार-बार बाहर निकालकर हवा और जमीन से रासायनिक कणों को एकत्र करते हैं. इसके बाद ये कण मुंह के अंदर स्थित विशेष संवेदी अंग (जैकब्सन ऑर्गन) तक पहुंचते हैं, जहां से उन्हें शिकार, साथी और आसपास के वातावरण की जानकारी मिलती है. इसके अलावा कई प्रजातियों के सांपों के सिर पर विशेष ताप-संवेदी गड्ढे (पिट ऑर्गन) भी होते हैं, जिनकी मदद से वे गर्म रक्त वाले जीवों की मौजूदगी का आभास कर लेते है.
मानसून का समय होता है सांपों के प्रजनन का
उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम में अधिकांश सांप प्रजनन काल में भी होते हैं. इसी दौरान वे अपने साथी की पहचान के लिए रासायनिक संकेतों (फेरोमोन) का उपयोग करते हैं. हालांकि यह दावा कि किसी सांप को मारने के बाद उसकी गंध डंडे या कपड़ों पर लग जाती है और दूसरा सांप उसी गंध का पीछा करते हुए व्यक्ति तक पहुंच जाता है, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित नहीं है. आगे कहा कि से ऐसी भ्रांतियों पर विश्वास न करने और केवल प्रमाणित जानकारी पर भरोसा करने की सलाह देते हैं.
पर्यावरण के लिए हैं उपयोगी जीव
सांप पर्यावरण के लिए बेहद उपयोगी जीव हैं. वे खेतों में चूहों और अन्य हानिकारक जीवों की संख्या नियंत्रित कर किसानों की फसलों की रक्षा करते हैं. इसलिए यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे मारने की बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित सर्प बचाव दल या वन विभाग को सूचना दें. बिना जानकारी के सांप को पकड़ने या मारने का प्रयास करना खतरनाक साबित हो सकता है.
बरसात के मौसम में घर और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखना, झाड़ियों की नियमित कटाई करना तथा अनाज और कचरे को खुले में न छोड़ना भी जरूरी है. थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी से सांपों से जुड़े जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें