Last Updated:
Jamshedpur Tanisha Gautam Semiconductor Mission: जमशेदपुर की तनीषा गौतम ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में पहचान बनाई है. उन्होंने पीएम मोदी से संवाद कर शहर का नाम रोशन किया है. पीएम ने झारखंड की बेटियों की जमकर सराहना की. आइये जानते हैं सेमीकंडक्टर के बारे में.
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर को स्टील सिटी और शिक्षा के केंद्र के रूप में देशभर में पहचान मिली है, लेकिन अब यहां की बेटियां तकनीक और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं. इसका ताजा उदाहरण तनीषा गौतम हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधे संवाद कर पूरे शहर का नाम रोशन किया है. भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी यह दिखाती है कि छोटे शहरों के युवाओं में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता है.
सेमीकंडक्टर सेक्टर का तनिषा बनीं हिस्सा
गुजरात के साणंद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तनीषा ने प्रधानमंत्री को अपने जीवन के सफर के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि किस तरह जमशेदपुर में पढ़ाई करने के बाद उन्होंने इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कदम रखा और आज देश के सबसे आधुनिक उद्योगों में से एक सेमीकंडक्टर सेक्टर का हिस्सा बनी हैं. उनकी कहानी उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं.
सेमीकंडक्टर चिप आज के दौर में मोबाइल फोन, लैपटॉप, कार, मेडिकल उपकरण और कई आधुनिक मशीनों का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है. लंबे समय तक भारत इस तकनीक के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहा है. ऐसे में देश में बनी पहली कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप का लॉन्च होना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि का हिस्सा बनना तनीषा और झारखंड दोनों के लिए गौरव की बात है.
पीएम मोदी ने की बेटियों की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संबोधन में झारखंड की बेटियों की विशेष रूप से सराहना की. उन्होंने कहा कि साधारण परिवारों से आने वाली बेटियां आज तकनीकी क्षेत्र में शानदार काम कर रही हैं. प्रधानमंत्री ने उनके आत्मविश्वास, सीखने की क्षमता और मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी युवा शक्ति देश के भविष्य को मजबूत बना रही है. यह टिप्पणी पूरे झारखंड के लिए सम्मान की बात है.
जमशेदपुर की छात्राओं का बढ़ा मनोबल
ऐसे में तनीषा की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या विशेष पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती. यदि मेहनत, लगन और सीखने की इच्छा हो तो कोई भी युवा देश के बड़े तकनीकी मिशनों का हिस्सा बन सकता है. उनकी उपलब्धि से जमशेदपुर की छात्राओं और युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी कि वे भी विज्ञान, तकनीक और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ें.
आज जब पूरा देश सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने की तैयारी कर रहा है, तब जमशेदपुर की बेटी का इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनना शहर के लिए गर्व का विषय है. तनीषा गौतम ने यह साबित कर दिया है कि जमशेदपुर की प्रतिभाएं केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करने की क्षमता रखती हैं. उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें