रांची: झारखंड में आज सोमवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज झारखंड के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा, आंधी और वज्रपात की भी संभावना है. मौसम विभाग ने 6 से 9 जुलाई तक पूरे राज्य के सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, गढ़वा, पलामू, चतरा समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है.
झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
आज सबसे अधिक बारिश की संभावना उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के जिलों में है. इनमें गढ़वा,पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात भी हो सकता है. वहीं, निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा कुछ जिलों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ आंधी-तूफान संभावना है.
झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
आज पूरे झारखंड में आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट
IMD ने बताया है कि आज झारखंड के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40–60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की आशंका है. लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों और बाहरी गतिविधियों में लगे लोगों को सतर्क रहना चाहिए.
जानें किन जिलों का मौसम रहेगा सबसे सुहावना
बता दें कि झारखंड में लगातार बारिश के कारण रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में दिनभर बादल छाए रहेंगे. इन इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा और मौसम सबसे अधिक सुहावना रहने की संभावना है. यहां तापमान अपेक्षाकृत कम (28-30°C) रहने वाला है, जो घूमने-फिरने या आराम के लिए आदर्श है.
जानें आज कितना रहेगा तापमान?
आज झारखंड के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. लगातार बारिश के कारण तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है.
जानें कहां रहेगी सबसे ज्यादा गर्मी
बारिश के बावजूद पलामू प्रमंडल, विशेषकर मेदिनीनगर (डालटनगंज) और आसपास के इलाकों में आज भी राज्य का सबसे अधिक तापमान रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी जिलों में तापमान इससे कम रहेगा.
जानें कल कहां-कहां हुई थी बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सिमडेगा में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई थी. वहीं, इससे पहले के दिन डालटनगंज (पलामू) में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई थी. लगातार सक्रिय मानसून के कारण कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होती रही है.