![]()
मझिआंव | नगर पंचायत क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित महा मनोकामेश्वर मंदिर के समीप संचालित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक सदस्य व प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि, द्वीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के प्रति उनके योगदान को याद किया। इस दौरान नगर मंडल अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके आदर्श और विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष बबलू खलीफा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलकर ही सशक्त व आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र नाथ दुबे, युवा मोर्चा अध्यक्ष बीरेंद्र उर्फ गुड्डू पाठक, नगर मंडल उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, प्रखंड संयोजक सच्चिदानंद आदि थे।
Source link